जरुरी जानकारी | रुपया शुरुआती कारोबार में 19 पैसे टूटकर 85.29 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. घरेलू शेयर बाजार में सुस्त धारणा के बीच रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में 19 पैसे टूटकर 85.29 प्रति डॉलर पर आ गया।
मुंबई, 27 मई घरेलू शेयर बाजार में सुस्त धारणा के बीच रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में 19 पैसे टूटकर 85.29 प्रति डॉलर पर आ गया।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि हालांकि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट ने स्थानीय मुद्रा को समर्थन दिया, लेकिन निवेशक अप्रैल के औद्योगिक एवं विनिर्माण उत्पादन के आंकड़ों के साथ-साथ इस सप्ताह के अंत में आने वाले पहली तिमाही के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि के आंकड़ों के जारी होने से पहले सतर्क हैं।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में घरेलू मुद्रा 85.15 पर खुली और शुरुआती सौदों में डॉलर के मुकाबले 85.29 पर लुढ़क गई जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 19 पैसे की गिरावट दर्शाता है।
रुपया शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले 85.10 पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.83 पर रहा।
घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 465.46 अंक की गिरावट के साथ 81,710.99 अंक पर, जबकि निफ्टी 149.90 अंक फिसलकर 24,851.25 अंक पर आ गया।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ 64.56 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 135.98 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 27, 2025 10:00 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

