जरुरी जानकारी | रुपया तीन पैसे की बढ़त के साथ 83.58 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. मजबूत घरेलू बाजार और विदेशी पूंजी के सतत निवेश के कारण मंगलवार को अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया तीन पैसे मजबूत होकर 83.58 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ।
मुंबई, 16 जुलाई मजबूत घरेलू बाजार और विदेशी पूंजी के सतत निवेश के कारण मंगलवार को अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया तीन पैसे मजबूत होकर 83.58 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आने से रुपये को समर्थन मिला जबकि डॉलर की मजबूती ने भारतीय मुद्रा की बढ़त को सीमित कर दिया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.59 प्रति डॉलर के भाव पर खुला और कारोबार के दौरान यह दिन के उच्चस्तर 83.53 और 83.60 प्रति डॉलर के निचले स्तर को छू गया। कारोबार के अंत में रुपया 83.58 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से तीन पैसे की बढ़त है।
सोमवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 10 पैसे की गिरावट के साथ 83.61 के भाव पर बंद हुआ था।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.11 प्रतिशत की मामूली तेजी के साथ 104.29 पर कारोबार कर रहा था।
शेयरखान बाय बीएनपी पारिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘अमेरिकी बाजारों में सकारात्मक रुख तथा अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में वृद्धि के कारण डॉलर में तेजी आई। तेजी की वजह यह है कि माना जा रहा है कि नवंबर में होने वाले चुनावों में डोनाल्ड ट्रंप फिर से अमेरिका के राष्ट्रपति चुने जा सकते हैं।’’
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.68 प्रतिशत घटकर 84.27 डॉलर प्रति बैरल रह गया।
चौधरी ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि मजबूत अमेरिकी डॉलर और कमजोर एशियाई मुद्राओं के कारण रुपया मामूली नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और विदेशी पूंजी प्रवाह जारी रहने से निचले स्तर पर रुपये को समर्थन मिल सकता है।’’
उन्होंने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा किसी भी तरह के हस्तक्षेप से भी स्थानीय मुद्रा को समर्थन मिल सकता है।
घरेलू शेयर बाजार में बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 51.69 अंक बढ़कर 80,716.55 अंक के नए उच्चस्तर पर बंद हुआ जबकि निफ्टी 26.30 अंक की बढ़त के साथ रिकॉर्ड 24,613.00 अंक पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने सोमवार को 2,684.78 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 16, 2024 05:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

