जरुरी जानकारी | डॉलर के मुकाबले रुपया 23 पैसे मजबूत होकर तीन सप्ताह के उच्चतम स्तर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. रुपये में सातवें कारोबारी सत्र में भी तेजी बनी रही। डॉलर के कमजोर होने तथा निवेशकों की जोखिम लेने की भावना में सुधार होने से अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 23 पैसे की तेजी के साथ तीन सप्ताह के उच्चतम स्तर 75.03 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
मुंबई, 24 दिसंबर रुपये में सातवें कारोबारी सत्र में भी तेजी बनी रही। डॉलर के कमजोर होने तथा निवेशकों की जोखिम लेने की भावना में सुधार होने से अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 23 पैसे की तेजी के साथ तीन सप्ताह के उच्चतम स्तर 75.03 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 75.12 रुपये प्रति डॉलर खुला। कारोबार के दौरान ऊंचे में 75.00 और नीचे में 75.20 तक गया। अंत में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 23 पैसे की तेजी के साथ 75.03 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
पिछले सात कारोबारी सत्रों में, घरेलू मुद्रा में डॉलर के मुकाबले 129 पैसे की तेजी आई है।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक, दिलीप परमार ने कहा कि ताजा वैश्विक संकेतों के अभाव में, रुपये ने सप्ताह के हर एक दिन में तेजी दर्ज की और महीने की शुरुआत में हुई हानि से उबर गया।
परमार ने कहा कि स्थानीय मुद्रा लगातार सातवें कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ लगभग 1.5 प्रतिशत ऊपर है। पिछली बार दिसंबर 2019 में ऐसा देखा गया था, जब आठ कारोबारी सत्रों में इसमें 1 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।
रिलायंस सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक, श्रीराम अय्यर के अनुसार, भारतीय रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले मजबूत हुआ और सप्ताहिक आधार पर भी बढ़त के साथ बंद हुआ। क्योंकि विदेशी बैंकों ने निर्यातकों की ओर से डॉलर की बिकवाली की और डॉलर के मूल्य में गिरावट रही।
ब्रिटेन के स्वास्थ्य सुरक्षा एजेंसी (यूकेएचएसए) द्वारा बृहस्पतिवार को जारी एक नए विश्लेषण के अनुसार, डेल्टा स्वरूप की तुलना में ओमीक्रोन कम गंभीर है।
विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि छुट्टियों और अमेरिका में विस्तारित लंबे सप्ताहांत से पहले, अधिकांश प्रमुख मुद्राओं में एक सीमित दायरे में कारोबार हुआ।
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 190.97 अंक की गिरावट के साथ 57,124.31 अंक पर बंद हुआ।
इस बीच, छह मुद्राओं की तुलना में डॉलर का रुख दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत घटकर 96.01 रह गया।
वैश्विक मानक ब्रेंट क्रूड वायदा की कीमत 1.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 75.96 डॉलर प्रति बैरल रह गयी।
शेयर बाजार के अस्थायी आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बृहस्पतिवार को 271.59 करोड़ रुपये के शेयरों की बिकवाली की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 24, 2021 08:11 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

