जरुरी जानकारी | रुपया शुरुआती कारोबार में 40 पैसे की बढ़त के साथ 85.05 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अमेरिकी मुद्रा के कमजोर रुख और सकारात्मक घरेलू शेयर बाजारों के दम पर रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 40 पैसे मजबूत होकर 85.05 प्रति डॉलर पर पहुंच गया।
मुंबई, 26 मई अमेरिकी मुद्रा के कमजोर रुख और सकारात्मक घरेलू शेयर बाजारों के दम पर रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 40 पैसे मजबूत होकर 85.05 प्रति डॉलर पर पहुंच गया।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि विदेशी पूंजी के प्रवाह और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के वित्त वर्ष 2024-25 के लिए सरकार को रिकॉर्ड लाभांश देने की घोषणा से भी स्थानीय मुद्रा को बल मिला।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 85.02 प्रति डॉलर पर खुला और फिर मजबूत होकर 84.98 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। इसके बाद यह 85.05 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 40 पैसे की तेज बढ़त दर्शाता है।
रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 85.45 पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.67 पर रहा।
घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 630.68 अंक चढ़कर 82,351.76 अंक पर जबकि निफ्टी 187 अंक की बढ़त के साथ 25,040.15 अंक पर पहुंच गया।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.32 प्रतिशत की बढ़त के साथ 64.99 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 1,794.59 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
गौरतलब है कि आरबीआई ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए रिकॉर्ड 2.69 लाख करोड़ रुपये के लाभांश की घोषणा की है।
वहीं भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा शुक्रवार को जारी नवीनतम साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार, 16 मई को समाप्त सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 4.888 अरब डॉलर घटकर 685.729 अरब डॉलर रह गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 26, 2025 09:56 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

