जरुरी जानकारी | रुपया छह पैसे टूटकर 83.01 प्रति डॉलर पर बंद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया बुधवार को छह पैसे की गिरावट के साथ 83.01 प्रति डॉलर के भाव पर बंद हुआ। कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि और अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर के मजबूत होने से रुपये की धारणा कमजोर हुई।
नयी दिल्ली, 13 सितंबर अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया बुधवार को छह पैसे की गिरावट के साथ 83.01 प्रति डॉलर के भाव पर बंद हुआ। कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि और अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर के मजबूत होने से रुपये की धारणा कमजोर हुई।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि हालांकि, घरेलू बाजार की सकारात्मक धारणा और भारत के बेहतर वृहद आर्थिक आंकड़ों की वजह से रुपये की गिरावट सीमित रही।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 82.92 पर खुला। दिन में कारोबार के दौरान यह 82.89 से 83.01 प्रति डॉलर के दायरे में रहने के बाद अंत में अपने पिछले बंद भाव से छह पैसे की गिरावट के साथ 83.01 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
पिछले कारोबारी सत्र में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 82.95 पर बंद हुआ था।
शेयरखान बाय बीएनपी पारिबा के शोध विश्लेषक, अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘मजबूत डॉलर और वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण बुधवार को रुपये में गिरावट आई। हालांकि, सकारात्मक घरेलू बाजार और मुद्रास्फीति तथा औद्योगिक उत्पादन के आंकड़े बेहतर रहने से गिरावट पर कुछ अंकुश लगा।’’
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.08 प्रतिशत की बढ़त के साथ 104.79 पर रहा।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.58 प्रतिशत बढ़कर 92.59 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर पहुंच गया।
बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक 245.86 अंक की तेजी के साथ 67,466.99 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे उन्होंने बुधवार को 1,631.63 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 13, 2023 10:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

