जरुरी जानकारी | रुपया चार पैसे टूटकर 83.94 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया बृहस्पतिवार को चार पैसे की गिरावट के साथ 83.94 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। आयातकों की डॉलर मांग और विदेशी पूंजी की निकासी जारी रहने के कारण निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।
मुंबई, 22 अगस्त अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया बृहस्पतिवार को चार पैसे की गिरावट के साथ 83.94 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। आयातकों की डॉलर मांग और विदेशी पूंजी की निकासी जारी रहने के कारण निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि हालांकि, घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख और वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कम कीमतों ने घरेलू मुद्रा को समर्थन दिया और इसकी गिरावट पर अंकुश लगाया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 83.93 पर खुला और दिन में कारोबार के दौरान 83.97 के निचले स्तर तक गया।
रुपया कारोबार के अंत में डॉलर के मुकाबले 83.94 (अस्थायी) पर बंद हुआ जो पिछले बंद स्तर से चार पैसे की गिरावट है।
पिछले कारोबारी सत्र में रुपया 13 पैसे टूटकर 83.90 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
शेयरखान बाय बीएनपी पारिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि “हमारा अनुमान है कि विदेशी निवेशकों की निकासी और आयातकों की डॉलर मांग के कारण रुपया थोड़ा नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। हालांकि, घरेलू बाजारों में सकारात्मक रुख और वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से रुपये को समर्थन मिल सकता है।”
कारोबारियों की नजर अब साप्ताहिक बेरोजगारी दावों, मौजूदा घरेलू बिक्री और अमेरिका के पीएमआई आंकड़ों पर होगी।
चौधरी ने कहा, “फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल के जैक्सन होल संगोष्ठि में भाषण से पहले निवेशक केंद्रीय बैंक के नीतिगत दर में कटौती के किसी भी संकेत के लिए सतर्क रह सकते हैं। डॉलर/रुपया हाजिर कीमत 83.75 रुपये से 84.20 रुपये के बीच रहने की संभावना है।”
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.19 प्रतिशत की बढ़त के साथ 101.23 पर रहा।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.38 प्रतिशत चढ़कर 76.34 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 147.89 अंक बढ़कर 81,053.19 अंक पर बंद हुआ। एनएसई निफ्टी 41.30 अंक की बढ़त के साथ 24,811.50 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बुधवार को 799.74 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 22, 2024 04:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

