एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | रुपया आठ पैसे टूटा, 84.50 प्रति डॉलर के सर्वकालिक निचले स्तर पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बृहस्पतिवार को रुपया आठ पैसे की गिरावट के साथ 84.50 (अस्थायी) प्रति डॉलर के अपने नए सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ। अस्थिर भू-राजनीतिक स्थिति के बीच घरेलू शेयर बाजारों में भारी बिकवाली और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से रुपये की धारणा प्रभावित हुई।

जरुरी जानकारी | रुपया आठ पैसे टूटा, 84.50 प्रति डॉलर के सर्वकालिक निचले स्तर पर

मुंबई, 21 नवंबर अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बृहस्पतिवार को रुपया आठ पैसे की गिरावट के साथ 84.50 (अस्थायी) प्रति डॉलर के अपने नए सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ। अस्थिर भू-राजनीतिक स्थिति के बीच घरेलू शेयर बाजारों में भारी बिकवाली और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से रुपये की धारणा प्रभावित हुई।

विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच बढ़ते तनाव के बीच सुरक्षित निवेश की अपील के कारण अमेरिकी मुद्रा मजबूत हुई, जबकि विदेशी कोषों की निरंतर निकासी से भी घरेलू मुद्रा पर दबाव पड़ा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 84.41 प्रति डॉलर पर खुला। सत्र के दौरान यह 84.51 रुपये प्रति डॉलर के निचले स्तर पर जाने के बाद कारोबार के बाद अंत में यह 84.50 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद स्तर से आठ पैसे की गिरावट है।

मंगलवार को रुपया डॉलर के मुकाबले 84.42 प्रति डॉलर पर स्थिर रुख के साथ बंद हुआ था।

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के कारण बुधवार को विदेशी मुद्रा बाजार बंद था।

एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष-शोध विश्लेषक (जिंस एवं मुद्रा) जतिन त्रिवेदी ने कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच भू-राजनीतिक तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर जोखिम से बचने की प्रवृत्ति बढ़ने के बीच डॉलर सूचकांक के 106.65 से ऊपर जाने के कारण दबाव बढ़ने से रुपया कमजोर हुआ।

उन्होंने कहा कि इसी के साथ अदाणी समूह पर अमेरिका में रिश्वतखोरी और धोखाधड़ी के आरोप लगने के बाद घरेलू शेयर बाजारों में बिकवाली को बढ़ावा मिला। ‘इससे एफआईआई की निकासी और बढ़ गई है, जिससे भारतीय बाजारों से पूंजी की निकासी का सिलसिला जारी है।’

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत की तेजी के साथ 106.66 पर कारोबार कर रहा था।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.35 प्रतिशत बढ़कर 73.93 डॉलर प्रति बैरल रह गया।

घरेलू शेयर बाजार में 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 422.59 अंक टूटकर 77,155.79 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 168.60 अंक की गिरावट के साथ 23,349.90 अंक पर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने मंगलवार को 3,411.73 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 21, 2024 04:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).