जरुरी जानकारी | रुपया तीन पैसे की गिरावट के साथ 83.37 प्रति डॉलर पर

मुंबई, 24 नवंबर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया शुक्रवार को तीन पैसे की गिरावट के साथ 83.37 (अस्थायी) पर बंद हुआ। आयातकों की डॉलर मांग बढ़ने और एशियाई मुद्राओं में कमजोर रुख के बीच रुपये की विनिमय दर में गिरावट आई।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि घरेलू शेयर बाजार में नरमी का असर भी स्थानीय मुद्रा पर पड़ा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 83.33 पर खुला। कारोबार के दौरान वह अपने सर्वकालिक निचले स्तर 83.38 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। अंत में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83.37 (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से तीन पैसे की गिरावट है।

रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 83.34 पर बंद हुआ था।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 103.73 पर रहा।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.28 प्रतिशत की बढ़त के साथ 81.65 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 255.53 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)