जरुरी जानकारी | रुपया सात पैसे की गिरावट के साथ 83.92 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. निराशाजनक घरेलू वृहद आर्थिक आंकड़ों के कारण सोमवार को डॉलर के मुकाबले रुपया सात पैसे की गिरावट के साथ 83.92 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ।
मुंबई, दो सितंबर निराशाजनक घरेलू वृहद आर्थिक आंकड़ों के कारण सोमवार को डॉलर के मुकाबले रुपया सात पैसे की गिरावट के साथ 83.92 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ।
बाजार सूत्रों ने कहा कि हालांकि, सकारात्मक घरेलू बाजारों, जिसमें दोनों बेंचमार्क सूचकांकों ने अपने सर्वकालिक उच्चतम स्तर को छुआ और विदेशी कोषों प्रवाह ने रुपये की गिरावट पर कुछ अंकुश लगाया।
इसके अलावा, विदेशी बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और अमेरिकी मुद्रा की कमजोरी ने रुपये को समर्थन दिया और आगे की गिरावट को रोक दिया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया दो पैसे की गिरावट के साथ 83.87 प्रति डॉलर पर नीचे खुला और दिन में कारोबार के दौरान यह 83.85 प्रति डॉलर के दिन के उच्चस्तर को छू गया और बाद में 83.93 प्रति डॉलर के दिन के निचले स्तर को छूने के बाद कारोबार के अंत में 83.92 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ। यह पिछले बंद स्तर से सात पैसे की गिरावट है।
शेयरखान बाय बीएनपी पारिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘अमेरिकी डॉलर में सकारात्मक रुख और निराशाजनक वृहद आर्थिक आंकड़ों के कारण सोमवार को भारतीय रुपये में सात पैसे की गिरावट आई।’’
सोमवार को एक मासिक सर्वेक्षण में कहा गया कि अगस्त में भारत के विनिर्माण क्षेत्र की वृद्धि दर में नरमी आई, क्योंकि उत्पादन और बिक्री जनवरी के बाद से सबसे कम दर से बढ़ी है। वहीं प्रतिस्पर्धा के दबाव और मुद्रास्फीति की चिंताओं ने कारोबारी भरोसे को प्रभावित किया है।
अगस्त में मौसमी रूप से समायोजित एचएसबीसी इंडिया विनिर्माण खरीद प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) 57.5 पर रहा, जो जुलाई के 58.1 के स्तर से नीचे था।
चौधरी ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि रुपया थोड़ा सकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा, क्योंकि घरेलू बाजार नए एफआईआई प्रवाह के साथ नए रिकॉर्ड उच्च स्तर पर कारोबार कर रहे हैं। कच्चे तेल की कीमतों में कमजोरी भी रुपये को सहारा दे सकती है। हालांकि, अमेरिकी डॉलर में कोई भी सुधार तेज उछाल को रोक सकता है।’’
इस बीच, घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 194.07 अंक चढ़कर 82,559.84 अंक के नए सर्वकालिक उच्चस्तर पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 42.80 अंक की बढ़त के साथ 25,278.70 अंक के नए शिखर पर पहुंच गया।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत घटकर 101.33 रह गया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.06 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 101.64 डॉलर प्रति बैरल रह गया।
वायदा कारोबार में अंतरराष्ट्रीय मानक माने जाने वाले ब्रेंट क्रूड की कीमत 0.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76.75 डॉलर प्रति बैरल रह गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने शुक्रवार को 5,318.14 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 02, 2024 05:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

