जरुरी जानकारी | रुपया एक पैसे की गिरावट के साथ 83.49 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया शुक्रवार को एक पैसे की मामूली गिरावट के साथ 83.49 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजार में तेजी के रुख को कच्चे तेल की बढ़ी हुई कीमतों ने बेअसर कर दिया।
मुंबई, 10 मई अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया शुक्रवार को एक पैसे की मामूली गिरावट के साथ 83.49 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजार में तेजी के रुख को कच्चे तेल की बढ़ी हुई कीमतों ने बेअसर कर दिया।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि विदेशी संस्थागत निवेशकों की भारी पूंजी निकासी के कारण निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.48 प्रति डॉलर पर खुला। दिन के कारोबार में यह 83.46 के उच्चस्तर और 83.51 के निम्नस्तर को छूने के बाद कारोबार के अंत में अपने पिछले बंद भाव के मुकाबले एक पैसे की गिरावट के साथ 83.49 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83.48 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
शेयरखान बाय बीएनपी परिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि भारतीय रुपया स्थिर रुख पर कारोबार कर रहा है। सकारात्मक घरेलू बाजार और कमजोर अमेरिकी डॉलर ने रुपये को सहारा दिया, हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार पूंजी निकासी ने तेज बढ़त को रोक दिया।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को परखने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत की बढ़त के साथ 105.23 हो गया।
अमेरिका में साप्ताहिक बेरोजगारी दावे पिछले सप्ताह के 2,09,000 और पूर्वानुमान 2,12,000 से बढ़कर 2,31,000 हो गए।
चौधरी ने कहा, ‘‘हमारा अनुमान है कि रुपया थोड़े नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा और पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव के बीच फेडरल रिजर्व की आक्रामक नीति और सुरक्षित निवेश की मांग के बीच अमेरिकी डॉलर में फिर से उछाल आ सकता है।’’
उन्होंने कहा कि विदेशी निवेशकों की बिकवाली का दबाव और वैश्विक कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें भी रुपये पर दबाव डाल सकती हैं। हालांकि, वैश्विक बाजारों में जोखिम उठाने की प्रवृत्ति में वृद्धि से रुपये को निचले स्तरों पर समर्थन मिल सकता है।
चौधरी ने कहा, ‘‘कारोबारी भारत के आईआईपी आंकड़ों और अमेरिका से मिशिगन उपभोक्ता भावना आंकड़े से संकेत ले सकते हैं। डॉलर-रुपये का हाजिर मूल्य 83.30 रुपये से 83.75 रुपये के बीच रहने की संभावना है।’’
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.62 प्रतिशत बढ़कर 84.40 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 260.30 अंक की बढ़त के साथ 72,664.47 अंक पर बंद हुआ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 10, 2024 05:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

