जरुरी जानकारी | रुपया पांच पैसे की गिरावट के साथ 83.71 प्रति डॉलर के सर्वकालिक निचले स्तर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. सरकार द्वारा वित्त वर्ष 2024-25 के बजट में पूंजीगत लाभ पर कर की दरें बढ़ाए जाने के बाद मंगलवार को अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया पांच पैसे गिरकर 83.71 (अस्थायी) के सर्वकालिक निचले स्तर पर आ गया।
मुंबई, 23 जुलाई सरकार द्वारा वित्त वर्ष 2024-25 के बजट में पूंजीगत लाभ पर कर की दरें बढ़ाए जाने के बाद मंगलवार को अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया पांच पैसे गिरकर 83.71 (अस्थायी) के सर्वकालिक निचले स्तर पर आ गया।
बाजार सूत्रों ने कहा कि इसके अलावा डॉलर में कमजोरी के रुख तथा कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के कारण भी रुपये पर दबाव रहा।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.64 प्रति डॉलर पर खुला। दिन में कारोबार के दौरान यह 83.61 के उच्चस्तर तक गया तथा 83.71 प्रति डॉलर के अबतक के दिन के कारोबार के सबसे निचले स्तर तक आया। अंत में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले यह 83.71 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से पांच पैसे की गिरावट है।
रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले चार पैसे की तेजी के साथ 83.66 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को परखने वाला डॉलर सूचकांक 0.03 प्रतिशत की तेजी के साथ 104.34 हो गया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.24 प्रतिशत की तेजी के साथ 82.60 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पूंजीगत लाभ पर कर की दरें बढ़ाए जाने के बाद रुपया 83.72 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया, जिसके कारण घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट आई। शेयरखान बाय बीएनपी परिबा के शोध विश्लेषक, अनुज चौधरी ने कहा कि अमेरिकी डॉलर में कमजोरी और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के कारण आज रुपया पहले से मजबूत खुला।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि घरेलू बाजारों में कमजोरी के कारण रुपया थोड़ा नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और कमजोर अमेरिकी डॉलर रुपये को निचले स्तरों पर सहारा दे सकते हैं।’’
चौधरी ने कहा, ‘‘रिजर्व बैंक द्वारा किसी भी हस्तक्षेप से भी रुपये को सहारा मिल सकता है। व्यापारी मौजूदा घरेलू बिक्री और अमेरिका से रिचमंड मैन्युफैक्चरिंग इंडेक्स आंकड़े से भी संकेत ले सकते हैं। चौधरी ने कहा कि डॉलर:रुपया हाजिर कीमत 83.40 रुपये से 84 रुपये के बीच कारोबार करने की उम्मीद है।
घरेलू शेयर बाजार में 30 शेयर वाला बीएसई सेंसेक्स 73.04 अंक घटकर 80,429.04 अंक पर बंद हुआ जबकि निफ्टी 30.20 अंक के नुकसान के साथ 24,479.05 अंक पर आ गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने सोमवार को शुद्ध रूप से 3,444.06 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 23, 2024 04:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

