जरुरी जानकारी | नए साल के पहले दिन रुपया पांच पैसे की गिरावट के साथ 83.21 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. आयातकों की डॉलर मांग और घरेलू शेयर बाजार में कमजोरी के रुख के बीच नये साल के पहले दिन रुपये में गिरावट का रुख रहा। सोमवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले पांच पैसे की गिरावट के साथ 83.21 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
मुंबई, एक जनवरी आयातकों की डॉलर मांग और घरेलू शेयर बाजार में कमजोरी के रुख के बीच नये साल के पहले दिन रुपये में गिरावट का रुख रहा। सोमवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले पांच पैसे की गिरावट के साथ 83.21 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
बाजार सूत्रों ने कहा कि वैश्विक संकेतों के अभाव में रुपये में सीमित दायरे में कारोबार हुआ। वैश्विक कच्चा तेल बाजार नये वर्ष की छुट्टियों के कारण बंद था।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.18 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के अंत में यह पिछले बंद भाव के मुकाबले पांच पैसे की गिरावट के साथ 83.21 प्रति डॉलर के भाव पर बंद हुआ।
डॉलर के मुकाबले रुपया वर्ष 2023 साल के आखिरी कारोबारी सत्र में शुक्रवार को चार पैसे का सुधार के साथ 83.16 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
एलकेपी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषण विभाग के उपाध्यक्ष जतीन त्रिवेदी ने कहा, ‘‘डॉलर सूचकांक की कमजोरी और वैश्विक बाजार में अस्थिरता के कारण दिन में कारोबार की सीमा 83.15-83.45 के बीच बनी हुई है, साथ ही रिजर्व बैंक द्वारा रुपये को स्थिर रखने से इसका उतार-चढ़ाव सीमाबद्ध रहेगा।’’
इस बीच, छह अन्य मुद्राओं की तुलना में अमेरिकी मुद्रा की मजबूती का आकलन करने वाला डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत की तेजी के साथ 101.38 पर कारोबार कर रहा था।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 31.68 अंक बढ़कर 72,271.94 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने सोमवार को 855.80 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 01, 2024 09:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

