जरुरी जानकारी | रुपया 20 पैसे की गिरावट के साथ 83.49 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 20 पैसे की बड़ी गिरावट के साथ 83.49 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजार में उतार चढ़ाव तथा विदेशी संस्थागत निवेशकों की निर्बाध पूंजी निकासी के बीच रुपये में गिरावट आई।
मुंबई, 31 मई अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 20 पैसे की बड़ी गिरावट के साथ 83.49 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजार में उतार चढ़ाव तथा विदेशी संस्थागत निवेशकों की निर्बाध पूंजी निकासी के बीच रुपये में गिरावट आई।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि तेल विपणन कंपनियों की मासांत की डॉलर मांग बढ़ने से भी भारतीय मुद्रा पर दबाव पड़ा। हालांकि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के कारण इसे कुछ समर्थन मिला।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.25 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 83.23 के दिन के उच्च स्तर और 83.49 के निचले स्तर को छूने के बाद अंत में 20 पैसे लुढ़ककर 83.49 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
रुपया पिछले कारोबारी सत्र में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 11 पैसे की तेजी के साथ 83.29 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
शेयरखान बाय बीएनपी पारिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि तेल विपणन कंपनियों और आयातकों की महीने के अखिर में डॉलर की मांग के कारण रुपये में गिरावट आई।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारा अनुमान है कि पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव के कारण सुरक्षित निवेश की मांग के बीच अमेरिकी डॉलर में समग्र मजबूती के कारण रुपये में थोड़ी गिरावट आएगी।’’
चौधरी ने कहा, ‘‘चुनाव परिणामों को लेकर अनिश्चितता के बीच घरेलू बाजारों में उतार-चढ़ाव भी रुपये पर दबाव डाल सकता है। हालांकि, वैश्विक बाजारों में आज सकारात्मक रुख से रुपये को निचले स्तरों पर समर्थन मिल सकता है।’’
कारोबारियों को अमेरिका से आने वाले घरेलू जीडीपी आंकड़ों और राजकोषीय घाटे के आंकड़ों तथा व्यक्तिगत उपभोग व्यय मूल्य सूचकांक से संकेत मिलने की उम्मीद है।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को परखने वाला डॉलर सूचकांक 0.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ 104.64 पर रहा।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.44 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81.50 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
इस बीच, बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 75.71 अंक बढ़कर 73,961.31 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने बृहस्पतिवार को 3,050.15 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 31, 2024 05:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

