जरुरी जानकारी | रुपया 20 पैसे की गिरावट के साथ 83.14 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया सोमवार को 20 पैसे की गिरावट के साथ 83.14 (अस्थायी) प्रति डॉलर के भाव पर बंद हुआ। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों तथा विश्व की अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर के मजबूत होने से रुपये में गिरावट आई।
मुंबई, 25 सितंबर अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया सोमवार को 20 पैसे की गिरावट के साथ 83.14 (अस्थायी) प्रति डॉलर के भाव पर बंद हुआ। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों तथा विश्व की अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर के मजबूत होने से रुपये में गिरावट आई।
बाजार सूत्रों ने कहा कि विदेशी कोषों की धन निकासी से भी रुपया प्रभावित हुआ।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.04 पर कमजोर खुला। दिन में कारोबार के दौरान यह 83.04 प्रति डॉलर के उच्चतम और 83.15 के निम्नतम स्तर को छूने के बाद अंत में अपने पिछले बंद भाव से 20 पैसे की गिरावट के साथ 83.14 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
पिछले कारोबारी सत्र में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 19 पैसे की तेजी के साथ 82.94 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
दूसरी ओर, अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दर में और बढ़ोतरी के संकेत को लेकर चिंता के बीच आयातकों की माह के अंत में डॉलर की मांग बढ़ने और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल बढ़ने से डॉलर मजबूत हुआ।
बीएनपी पारिबा बाय शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘मजबूत डॉलर और कमजोर घरेलू शेयर बाजार के कारण सोमवार को भारतीय रुपये में गिरावट आई। एफआईआई की बिकवाली के दबाव ने भी रुपये पर नकारात्मक दबाव डाला। एफओएमसी (फेडरल ओपन मार्केट कमेटी) के आक्रामक रुख के कारण भी डॉलर में पिछले सप्ताह तेजी आई।’’
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.08 प्रतिशत की बढ़त के साथ 105.67 हो गया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.45 प्रतिशत बढ़कर 93.69 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर पहुंच गया।
बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक 14.54 अंक की तेजी के साथ 66,023.69 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने शुक्रवार को 1,326.74 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 25, 2023 07:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

