जरुरी जानकारी | रुपया 11 पैसे की गिरावट के साथ 84.40 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्यापार नीतियों को लेकर अनिश्चितता तथा कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि के बीच अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया बुधवार को 11 पैसे की भारी गिरावट के साथ 84.40 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
मुंबई, 27 नवंबर अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्यापार नीतियों को लेकर अनिश्चितता तथा कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि के बीच अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया बुधवार को 11 पैसे की भारी गिरावट के साथ 84.40 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि घरेलू शेयर बाजार में मजबूती के रुख, विदेशी निवेशकों के प्रवाह तथा प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर के कमजोर रुख से स्थानीय मुद्रा को निचले स्तर पर समर्थन मिला।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, डॉलर के पिछले बंद भाव के मुकाबले नौ पैसे की गिरावट दर्शाता 84.38 प्रति डॉलर पर खुला। दिन में कारोबार के दौरान रुपया 84.48 प्रति डॉलर के दिन के निचले स्तर को छूने के बाद अंत में 84.40 प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 11 पैसे की गिरावट है।
रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 84.29 पर बंद हुआ था।
विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा आक्रामक व्यापार नीतियों को अपनाने के संकेत ने मुद्रा में अस्थिरता को और बढ़ा दिया है।
फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के ट्रेजरी प्रमुख और कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, ‘‘बुधवार को रुपये ने अपनी सारी चमक खो दी और 84.48 प्रति डॉलर पर आ गया, लेकिन रिजर्व बैंक द्वारा डॉलर बेचे जाने के कारण इसमें सुधार हुआ... लेकिन मासांत की डॉलर मांग के कारण अमेरिकी मुद्रा की फिर खरीद हुई और रुपया गिरावट के साथ बंद हुआ।’’
उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार को इसके 84.30 से 84.55 प्रति डॉलर के बीच रहने की उम्मीद है।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.46 प्रतिशत की गिरावट के साथ 106.51 पर रहा।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.55 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73.21 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा।
इस बीच, बीएसई सेंसेक्स 230.02 अंक की बढ़त के साथ 80,234.08 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 80.40 अंक चढ़कर 24,274.90 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने बुधवार को 7.78 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 27, 2024 09:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

