जरुरी जानकारी | अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया आठ पैसे गिरकर 82.68 पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. घरेलू शेयर बाजारों के सुस्त रुख और कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले आठ पैसे गिरकर 82.68 के भाव पर आ गया।
मुंबई, सात जुलाई घरेलू शेयर बाजारों के सुस्त रुख और कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले आठ पैसे गिरकर 82.68 के भाव पर आ गया।
हालांकि विदेशी पूंजी का प्रवाह बने रहने से रुपये को समर्थन मिला हुआ है और इसने गिरावट को थामने का काम किया।
अंतर-बैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 82.68 के भाव पर खुला जो पिछले बंद भाव के मुकाबले आठ पैसे की कमजोरी का दर्शाता है।
बृहस्पतिवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 82.60 के भाव पर बंद हुआ था।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के मुताबिक, जोखिम से बचने और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सख्त मौद्रिक नीति अपनाने की बढ़ती आशंका से डॉलर को लेकर रुझान बना हुआ है।
दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को आंकने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत गिरकर 103.12 पर आ गया।
इसके अलावा कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती कीमतों ने भी घरेलू मुद्रा पर असर डाला। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा 0.29 प्रतिशत बढ़कर 76.74 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
घरेलू शेयर बाजारों में कारोबार की कमजोरी के साथ शुरुआत हुई। बीएसई सेंसेक्स 47.47 अंक यानी 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 65,738.17 अंक पर कारोबार कर रहा था। एनएसई निफ्टी भी 18.40 अंक यानी 0.09 प्रतिशत गिरकर 19,478.90 अंक पर आ गया।
शेयर बाजारों से मिले आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बृहस्पतिवार को 2,641.05 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 07, 2023 10:10 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

