एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | रुपया 39 पैसे गिरकर 87.46 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. वैश्विक व्यापार युद्ध की आशंका गहराने से निवेशकों के बीच जोखिम से बचने की प्रवृत्ति हावी होने के कारण बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 39 पैसे गिरकर 87.46 (अस्थायी) के सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ।

जरुरी जानकारी | रुपया 39 पैसे गिरकर 87.46 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर

मुंबई, पांच फरवरी वैश्विक व्यापार युद्ध की आशंका गहराने से निवेशकों के बीच जोखिम से बचने की प्रवृत्ति हावी होने के कारण बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 39 पैसे गिरकर 87.46 (अस्थायी) के सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि वैश्विक व्यापार युद्ध की आशंका बढ़ने से रुपये में नकारात्मक धारणा के साथ कारोबार हुआ। इसकी वजह यह है कि बाजार प्रतिभागी अमेरिका और चीन द्वारा एक-दूसरे पर लगाए जा रहे शुल्कों के प्रभाव को लेकर चिंतित हैं।

इसके अलावा, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की तरफ से नीतिगत ब्याज दर में कटौती की चिंताओं और विदेशी बाजार में अमेरिकी मुद्रा की व्यापक मजबूती ने भी निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 87.13 पर कमजोरी के साथ खुला और सत्र के दौरान 87.49 प्रति डॉलर के निचले स्तर पर भी गया।

कारोबार के अंत में रुपया 87.46 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 39 पैसे की गिरावट है। मंगलवार को रुपया चार पैसे बढ़कर 87.07 डॉलर प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीन से सामान आयात करने वाली अमेरिकी कंपनियों पर 10 प्रतिशत शुल्क लगाने पर जोर दे रहे हैं। मंगलवार को चीन ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए कुछ अमेरिकी उत्पादों पर शुल्क लगाने और गूगल के खिलाफ प्रतिस्पर्धा-रोधी जांच की घोषणा की।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.35 प्रतिशत गिरकर 107.58 पर कारोबार कर रहा था।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.51 प्रतिशत गिरकर 75.81 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

कारोबारियों ने कहा कि रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की बैठक के नतीजे आने से पहले निवेशक सतर्क रह सकते हैं। संभावना है कि शुक्रवार को आरबीआई रेपो दर में 0.25 प्रतिशत कटौती की घोषणा कर दे। यह पिछले पांच साल में दर कटौती का पहला मामला होगा।

घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 312.53 अंक यानी 0.40 प्रतिशत गिरकर 78,271.28 अंक पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 42.95 अंक यानी 0.18 प्रतिशत गिरकर 23,696.30 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) एक लंबे अंतराल के बाद शुद्ध खरीदार रहे। एफआईआई ने मंगलवार को पूंजी बाजारों में शुद्ध आधार पर 809.23 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 05, 2025 04:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).