एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | रुपया 15 पैसे टूटकर 83.28 प्रति डॉलर पर बंद

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में लगातार दूसरे दिन गिरावट रही और मंगलवार को यह अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 15 पैसे टूटकर 83.28 के स्तर पर बंद हुआ।

जरुरी जानकारी | रुपया 15 पैसे टूटकर 83.28 प्रति डॉलर पर बंद

नयी दिल्ली, 26 सितंबर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में लगातार दूसरे दिन गिरावट रही और मंगलवार को यह अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 15 पैसे टूटकर 83.28 के स्तर पर बंद हुआ।

प्रमुख विदेशी मुद्राओं के मुकाबले डॉलर के मजबूत होने और विदेशी पूंजी की निकासी जारी रहने से रुपये पर दबाव बना रहा।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि घरेलू शेयर बाजारों में कमजोर रुख और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के चलते भी घरेलू मुद्रा पर असर पड़ा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 83.19 पर खुला और कारोबार के दौरान यह 83.17 के ऊपरी और 83.27 के निचले स्तर पर रहा।

कारोबार के अंत में रुपया 83.28 के भाव पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 15 पैसे की कमजोरी दर्शाता है। रुपया सोमवार को 19 पैसे की गिरावट के साथ 83.13 प्रति डॉलर पर रहा था।

इस तरह दो कारोबारी सत्रों में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 34 पैसे तक टूट चुका है।

विश्लेषकों ने कहा कि कमजोर एशियाई बाजारों और अमेरिका बॉन्ड प्रतिफल बढ़ने के बीच डॉलर मजबूत रहने से रुपये में गिरावट आई।

शेयरखान बीएनपी पारिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि अमेरिकी डॉलर के सकारात्मक रुख और कमजोर घरेलू बाजारों के कारण रुपये में गिरावट आई।

उन्होंने कहा कि अमेरिकी डॉलर में बढ़ोतरी और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के आक्रामक रुख के संकेत के बीच वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति के कारण रुपये पर दबाव बना रहेगा। निकट भविष्य में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 82.80 से 83.80 के दायरे में रह सकता है।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत बढ़कर 105.94 पर पहुंच गया।

वहीं, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.91 प्रतिशत गिरकर 92.44 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

घरेलू शेयर बाजारों में बीएसई सेंसेक्स 78.22 अंक या 0.12 प्रतिशत गिरकर 65,945.47 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 9.85 अंक या 0.05 प्रतिशत फिसलकर 19,664.70 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 693.47 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध रूप से बिकवाली की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 26, 2023 09:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).