जरुरी जानकारी | रुपया 14 पैसे गिरकर 83.27 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. रुपये में लगातार दूसरे दिन गिरावट जारी रही और मंगलवार को यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 14 पैसे टूटकर 83.27 (अस्थायी) के स्तर पर बंद हुआ।
नयी दिल्ली, 26 सितंबर रुपये में लगातार दूसरे दिन गिरावट जारी रही और मंगलवार को यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 14 पैसे टूटकर 83.27 (अस्थायी) के स्तर पर बंद हुआ।
प्रमुख विदेशी मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती और विदेशी पूंजी की निकासी जारी रहने के चलते रुपये पर दबाव बना।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि इसके अलावा शेयर बाजार में कमजोरी और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के चलते भी घरेलू मुद्रा पर असर पड़ा।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 83.19 पर खुला और दिन के दौरान इसने 83.17 के ऊपरी और 83.27 के निचले स्तर के बीच कारोबार किया।
अंत में रुपया 83.27 (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 14 पैसे की गिरावट है।
रुपया सोमवार को डॉलर के मुकाबले 19 पैसे की गिरावट के साथ 83.13 पर बंद हुआ।
विश्लेषकों ने कहा कि कमजोर एशियाई बाजारों और अमेरिका बॉन्ड प्रतिफल बढ़ने के बीच मजबूत डॉलर के कारण रुपये में गिरावट आई।
शेयरखान बीएनपी पारिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि अमेरिकी डॉलर के सकारात्मक रुख और कमजोर घरेलू बाजारों में कमजोरी के कारण रुपये में गिरावट आई।
उन्होंने कहा कि अमेरिकी डॉलर में बढ़ोतरी और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के कड़े रुख के बीच वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति के कारण रुपये पर दबाव बना रहेगा।
निकट भविष्य में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 82.80 से 83.80 के दायरे में बना रह सकता है।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत बढ़कर 105.94 पर पहुंच गया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.91 प्रतिशत गिरकर 92.44 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
घरेलू शेयर बाजारों में बीएसई सेंसेक्स 78.22 अंक या 0.12 प्रतिशत गिरकर 65,945.47 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 9.85 अंक या 0.05 प्रतिशत फिसलकर 19,664.70 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को शुद्ध रूप से 2,333.03 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 26, 2023 04:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

