जरुरी जानकारी | रुपया 13 पैसे की गिरावट के साथ 85.74 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. विश्व की प्रमुख मुद्राओं की तुलना में अमेरिकी मुद्रा में आये सुधार तथा आयातकों की बढ़ती डॉलर मांग के कारण अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में मंगलवार को रुपये में तेजी के सिलसिले पर रोक लग गई और यह 13 पैसे की गिरावट के साथ 85.74 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ। इससे पिछले सात कारोबारी सत्रों में रुपया लाभ में रहा था।
मुंबई, 25 मार्च विश्व की प्रमुख मुद्राओं की तुलना में अमेरिकी मुद्रा में आये सुधार तथा आयातकों की बढ़ती डॉलर मांग के कारण अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में मंगलवार को रुपये में तेजी के सिलसिले पर रोक लग गई और यह 13 पैसे की गिरावट के साथ 85.74 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ। इससे पिछले सात कारोबारी सत्रों में रुपया लाभ में रहा था।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि भारतीय रुपये में सात दिन से जारी तेजी रुक गई, जो जोखिम से बचने की दिशा में बाजार धारणा में आये बदलाव को दर्शाता है।
हालांकि, मिश्रित-से-सकारात्मक घरेलू बाजारों और विदेशी कोषों के प्रवाह ने रुपये की गिरावट को सीमित कर दिया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 85.59 पर खुला और दिन के दौरान 85.58 के उच्चस्तर को छू गया। बाद में रुपया अस्थिर हो गया और सत्र के अंत में डॉलर के मुकाबले 85.84 के दिन के निचले स्तर को छूने से पहले 85.74 (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो इसके पिछले बंद स्तर से 13 पैसे की गिरावट है।
रुपया, सोमवार को 37 पैसे बढ़कर 85.61 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था और इसने 2025 में अपने पूरे नुकसान की भरपाई कर ली थी।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि विदेशी निवेश और मजबूत घरेलू शेयरों के कारण रुपया फिर ऊपर जाएगा। हालांकि, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें रुपये की तेज बढ़त को रोक सकती हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘व्यापारी सीबी उपभोक्ता विश्वास, नए घरों की बिक्री और अमेरिका से रिचमंड विनिर्माण सूचकांक आंकड़ों से संकेत ले सकते हैं। डॉलर-रुपया हाजिर मूल्य 85.50 से 86 के बीच कारोबार करने की उम्मीद है।’’
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ 104.24 रह गया।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.68 प्रतिशत बढ़कर 73.50 डॉलर प्रति बैरल हो गया।
घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 32.81 अंक बढ़कर 78,017.19 अंक पर, जबकि निफ्टी 10.30 अंक बढ़कर 23,668.65 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने सोमवार को शुद्ध रूप से 3,055.76 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 25, 2025 07:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

