एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | रुपया एक पैसे घटकर 83.44 प्रति डॉलर पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया बुधवार को एक पैसे की मामूली गिरावट के साथ 83.44 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। सत्र के अंत में घरेलू शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपये का आरंभिक लाभ जाता रहा।

जरुरी जानकारी | रुपया एक पैसे घटकर 83.44 प्रति डॉलर पर

मुंबई, 19 जून अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया बुधवार को एक पैसे की मामूली गिरावट के साथ 83.44 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। सत्र के अंत में घरेलू शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपये का आरंभिक लाभ जाता रहा।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि डॉलर की मजबूती तथा विदेशों में कच्चे तेल की कीमतों के ऊंचे स्तर पर होने के कारण रुपये में तेजी पर विराम लगा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.39 प्रति डॉलर पर मजबूत खुला और कारोबार के दौरान 83.34-83.48 प्रति डॉलर के दायरे में रहने के बाद कारोबार के अंत में एक पैसे की गिरावट के साथ 83.44 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ।

मंगलवार को रुपया 12 पैसे की तेजी के साथ 83.43 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

एलकेपी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषण उपाध्यक्ष (जिंस एवं करेंसी विभाग) जतिन त्रिवेदी ने कहा कि रुपये का कारोबार उतार-चढ़ाव भरे रुख के साथ हुआ। शुरुआत में मजबूती दिखी लेकिन डॉलर सूचकांक को 104.80 के करीब समर्थन मिलने से इसमें बढ़त कम हो गई। रुपया 83.25-83.60 के बीच रहने का अनुमान है।’’

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में अमेरिकी मुद्रा का आकलन करने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत बढ़कर 104.88 पर रहा।

विश्लेषकों के अनुसार अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के अधिकारियों की आक्रामक टिप्पणियों के बाद अमेरिकी डॉलर में बढ़त हुई। वहीं बाजार प्रतिभागी अमेरिका से खुदरा बिक्री और औद्योगिक उत्पादन के आंकड़ों से आगे के संकेतों की प्रतीक्षा कर रहे थे।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.13 प्रतिशत घटकर 85.22 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 36.45 अंक की बढ़त के साथ 77,337.59 अंक के नए रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी 41.90 अंक की हल्की गिरावट के साथ 23,516.00 अंक पर रहा। दिन के कारोबार के दौरान दोनों सूचकांक नये शिखर पर पहुंचे।

विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) भारतीय पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने मंगलवार को 2,569.40 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 19, 2024 07:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).