एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | रुपया 16 पैसे की गिरावट के साथ डॉलर के मुकाबले 86.87 पर बंद

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. रुपया सोमवार को 16 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 86.87 (अस्थायी) पर बंद हुआ। विदेशी पूंजी की भारी निकासी और अमेरिकी डॉलर सूचकांक में सुधार से रुपये में यह गिरावट आई।

जरुरी जानकारी | रुपया 16 पैसे की गिरावट के साथ डॉलर के मुकाबले 86.87 पर बंद

मुंबई, 17 फरवरी रुपया सोमवार को 16 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 86.87 (अस्थायी) पर बंद हुआ। विदेशी पूंजी की भारी निकासी और अमेरिकी डॉलर सूचकांक में सुधार से रुपये में यह गिरावट आई।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि रुपया नकारात्मक रुख के साथ कारोबार कर रहा है। इसकी प्रमुख वजह है कि विदेशी बैंक डॉलर की खरीद पर उतारू हैं और आयातक डॉलर को सुरक्षित करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं क्योंकि उन्हें वैश्विक अनिश्चितता के बीच भविष्य में मूल्यह्रास की आशंका है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 86.70 प्रति डॉलर पर खुला। दिन के कारोबार के दौरान इसने डॉलर के मुकाबले 86.68 के उच्च स्तर और 86.88 के निचले स्तर को छुआ। अंत में डॉलर के मुकाबले 86.87 (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो अपने पिछले बंद भाव से 16 पैसे की गिरावट दर्शाता है।

रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 86.71 पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘ घरेलू बाजारों में कमजोरी और अमेरिकी डॉलर सूचकांक में सुधार से आज भारतीय रुपये में गिरावट आई। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और अमेरिकी बॉण्ड प्रतिफल में कमी ने इसकी गिरावट को सीमित किया।’’

चौधरी ने कहा, ‘‘ घरेलू शेयर बाजार में गिरावट और विदेशी संस्थागत निवेशकों की बिकवाली से रुपये के नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करने की आशंका है। अमेरिकी डॉलर में समग्र मजबूती भी रुपये पर दबाव डाल सकती है। हालांकि, अमेरिकी बॉण्ड प्रतिफल में और गिरावट या भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से किसी तरह का हस्तक्षेप निचले स्तरों पर रुपये को समर्थन दे सकता है।’’

इस बीच, छह मुद्राओं की तुलना में डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.14 प्रतिशत बढ़त के साथ 106.85 पर कारोबार कर रहा था।

वायदा कारोबार में वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.12 प्रतिशत बढ़त के साथ 74.83 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

घरेलू शेयर बाजार में, 30 शेयरों पर आधारित बंबई सूचकांक 57.65 अंक बढ़कर 75,996.86 अंक पर, जबकि निफ्टी 30.25 अंक चढ़कर 22,959.50 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाजारों के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में बिकवाल रहे और उन्होंने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 4,294.69 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 17, 2025 04:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).