एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | रुपया चार पैसे की तेजी के साथ 85.62 प्रति डॉलर पर बंद

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. मजबूत विदेशी पूंजी प्रवाह के साथ अंतरबैंक विदेशीमुद्रा विनिमय बाजार में मंगलवार को रुपया, अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले चार पैसे की तेजी के साथ 85.62 (अस्थायी) पर बंद हुआ।

जरुरी जानकारी | रुपया चार पैसे की तेजी के साथ 85.62 प्रति डॉलर पर बंद

मुंबई, 10 जून मजबूत विदेशी पूंजी प्रवाह के साथ अंतरबैंक विदेशीमुद्रा विनिमय बाजार में मंगलवार को रुपया, अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले चार पैसे की तेजी के साथ 85.62 (अस्थायी) पर बंद हुआ।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, हालांकि, घरेलू शेयर बाजारों की मिश्रित धारणा, वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने से रुपये में आगे के सुधार को सीमित कर दिया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को शुद्ध आधार पर 1,992.87 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे।

अंतरबैंक विदेशीमुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 85.62 पर खुला और 85.51 के दिन के उच्चतम स्तर और 85.68 का निम्नतम स्तर को छूने के बाद कारोबार के अंत में डॉलर के मुकाबले 85.62 (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो पिछले बंद से चार पैसे की तेजी है।

सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 85.66 पर बंद हुआ था।

कोटक सिक्योरिटीज के मुद्रा एवं जिंस मामलों के प्रमुख अनिंद्य बनर्जी ने कहा, ‘‘डॉलर-रुपया हाजिर कीमत 85.00 से 86.00 की सीमित सीमा में रहने का अनुमान है। बाजार प्रतिभागी निर्णायक बाजार संकेतकों की प्रतीक्षा कर रहे हैं। नकद आरक्षित अनुपात (सीआरआर) में कमी के बाद मुद्रा बाजार में संतोषजनक नकदी की स्थिति के कारण भारत और अमेरिका के बीच ब्याज दर अंतर कम होने से अग्रिम प्रीमियम में नरमी आई है। इसने निर्यातकों के लिए ‘अग्रिम हेजिंग’ को कम आकर्षक बना दिया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि रिजर्व बैंक अत्यधिक अस्थिरता को रोकने के लिए विदेशी मुद्रा बाजार में सक्रिय रहेगा। घरेलू मोर्चे पर, भारत के अपेक्षाकृत स्थिर वृहद आर्थिक बुनियाद रुपये को मजबूती प्रदान करते रहेंगे।’’

घरेलू शेयर बाजार में, 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सूचकांक 53.49 अंक टूटकर 82,391.72 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 25,104.25 पर बंद हुआ।

इस बीच, विश्व की छह प्रमुख प्रतिस्पर्धी मुद्राओं की तुलना में डॉलर की मजबूती को मापने वाला, डॉलर सूचकांक 0.15 प्रतिशत बढ़कर 99.09 पर रहा।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.18 प्रतिशत बढ़कर 67.16 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 10, 2025 05:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).