जरुरी जानकारी | रुपया एक पैसे की बढ़त के साथ 85.53 प्रति डॉलर पर बंद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. रुपया शुक्रवार को एक पैसे की बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 85.53 (अस्थायी) पर बंद हुआ।
मुंबई, 16 मई रुपया शुक्रवार को एक पैसे की बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 85.53 (अस्थायी) पर बंद हुआ।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि ब्रेंट कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, घरेलू शेयर बाजारों में नकारात्मक रुख तथा अप्रैल में देश के व्यापार घाटे में बढ़ोतरी के आंकड़ों के कारण रुपये की बढ़त सीमित रही। हालांकि, विदेशी पूंजी के मजबूत प्रवाह और डॉलर सूचकांक में मामूली गिरावट से रुपये को कुछ समर्थन मिला।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 85.28 प्रति डॉलर पर मजबूती के साथ खुला। कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले 85.28 से 85.70 के बीच रहा। अंत में यह 85.53 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से एक पैसे की बढ़त दर्शाता है।
रुपया बृहस्पतिवार को डॉलर के मुकाबले 85.54 पर बंद हुआ था।
फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के वित्त प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, ‘‘ हालांकि सभी एशियाई और यूरोपीय मुद्राएं बढ़त में रहीं लेकिन रुपया 85.00 के स्तर से ज्यादा प्रगति नहीं कर सका और 85.30 के आसपास कारोबार करता रहा। मोटे तौर पर 85-86 के बीच और 85.25 और 85.75 के बीच सीमित दायरे में रहा। सोमवार को भी इसके इसी दायरा में रहने का अनुमान है।’’
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 200.15 अंक की गिरावट के साथ 82,330.59 अंक पर जबकि निफ्टी 42.30 अंक फिसलकर 25,019.80 पर बंद हुआ।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 100.75 पर रहा।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 64.62 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 5,392.94 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 16, 2025 04:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

