जरुरी जानकारी | रुपया 27 पैसे चढ़कर 85.37 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. घरेलू शेयर बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशकों का निवेश बढ़ने और डॉलर में व्यापक कमजोरी के कारण बृहस्पतिवार को रुपया लगातार चौथे सत्र में मजबूत हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 27 पैसे की बढ़त के साथ 85.37 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो तीन अप्रैल के बंद स्तर के आसपास है।
मुंबई, 17 अप्रैल घरेलू शेयर बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशकों का निवेश बढ़ने और डॉलर में व्यापक कमजोरी के कारण बृहस्पतिवार को रुपया लगातार चौथे सत्र में मजबूत हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 27 पैसे की बढ़त के साथ 85.37 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो तीन अप्रैल के बंद स्तर के आसपास है।
रुपये ने दो अप्रैल के बाद से अपने सभी नुकसान की भरपाई कर ली है। उस समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कई देशों पर व्यापक जवाबी शुल्क की घोषणा की थी। दो अप्रैल को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 85.52 पर रहा था।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, अमेरिकी शुल्क से राहत के बाद घरेलू शेयरों में सकारात्मक रुझान ने समग्र निवेशक कारोबारी धारणा को मजबूत किया, भले ही कच्चे तेल की कीमतों में कुछ सुधार ने भारतीय मुद्रा को कमजोर कर दिया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 85.48 पर खुला और दिन में कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले 85.31 के उच्चतम स्तर और 85.62 के निम्नतम स्तर के बीच घूमता रहा। कारोबार के अंत में डॉलर के मुकाबले रुपया 85.37 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो पिछले बंद स्तर से 27 पैसे की बढ़त है।
बुधवार के सत्र में रुपया 16 पैसे की बढ़त के साथ 85.64 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
पिछले चार सत्रों में भारतीय मुद्रा ने नौ अप्रैल को डॉलर के मुकाबले 86.68 के बंद स्तर से 131 पैसे या 1.5 प्रतिशत से अधिक की बढ़त दर्ज की है।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि घरेलू शेयर बाजार में तेजी और एफआईआई प्रवाह में उछाल के कारण रुपये में बढ़त रही।
उन्होंने कहा कि हालांकि, आयातकों द्वारा डॉलर की खरीद और कच्चे तेल की कीमतों में सुधार रुपये की तेज बढ़त पर अंकुश लगा सका सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘कारोबारी साप्ताहिक बेरोजगारी दावों और अमेरिका से आवास आंकड़ों से संकेत ले सकते हैं। डॉलर-रुपया हाजिर कीमत के 85.20 से 85.70 के दायरे में कारोबार करने की उम्मीद है।’’
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती नापने वाला, डॉलर इंडेक्स 0.10 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 99.24 पर कारोबार कर रहा था।
वैश्विक तेल मानक, ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.88 प्रतिशत बढ़कर 66.43 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
घरेलू शेयर बाजार में, 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 1,508.91 अंक बढ़कर 78,553.20 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 414.45 अंक चढ़कर 23,851.65 अंक पर पहुंच गया।
एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने बुधवार को शुद्ध आधार पर 3,936.42 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 17, 2025 05:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

