एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | रुपया 24 पैसे चढ़कर 86.81 प्रति डॉलर पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख और विदेशी बाजारों में अमेरिकी मुद्रा में कमजोरी के कारण सोमवार को रुपया 24 पैसे उछलकर 86.81 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

जरुरी जानकारी | रुपया 24 पैसे चढ़कर 86.81 प्रति डॉलर पर

मुंबई, 17 मार्च घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख और विदेशी बाजारों में अमेरिकी मुद्रा में कमजोरी के कारण सोमवार को रुपया 24 पैसे उछलकर 86.81 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी डॉलर में कमजोरी और सकारात्मक वैश्विक बाजारों के कारण रुपया थोड़ा सकारात्मक रुख के साथ कारोबार कर रहा है। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में उछाल ने स्थानीय मुद्रा की बढ़त को सीमित कर दिया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 86.90 पर खुला और डॉलर के मुकाबले दिन के उच्चस्तर 86.76 तक गया और 86.90 के निचले स्तर तक आया। कारोबार के अंत में यह 86.81 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। यह पिछले बंद स्तर से 24 पैसे की बढ़त है।

बृहस्पतिवार को पिछले सत्र में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 17 पैसे की बढ़त के साथ 87.05 पर बंद हुआ था।

होली के अवसर पर शुक्रवार को विदेशी मुद्रा और शेयर बाजार बंद रहे।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘हमें उम्मीद है कि अमेरिकी डॉलर में कमजोरी और सकारात्मक वैश्विक बाजारों के कारण रुपया थोड़ा सकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। हालांकि, व्यापार शुल्क के मुद्दे और विदेशी निवेशकों द्वारा निकासी से तेज उछाल पर रोक लग सकती है।’

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ 103.60 पर आ गया।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.92 प्रतिशत चढ़कर 71.23 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 341.04 अंक की बढ़त के साथ 74,169.95 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 111.55 अंक चढ़कर 22,508.75 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को शुद्ध आधार पर 792.90 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 17, 2025 04:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).