एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | डॉलर के मुकाबले रुपया 50 पैसे मजबूत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अंतरबैंक विदेशीमुद्रा बाजार में शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 50 पैसे की बढ़त के साथ 85.45 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। डॉलर सूचकांक में तेज गिरावट तथा निवेशकों का जोखिम वाली परिसंपत्तियों के प्रति रुझान बढ़ने के बीच घरेलू शेयर बाजार में मजबूती रहने से रुपये की विनिमय दर में तेजी आई।

जरुरी जानकारी | डॉलर के मुकाबले रुपया 50 पैसे मजबूत

मुंबई, 23 मई अंतरबैंक विदेशीमुद्रा बाजार में शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 50 पैसे की बढ़त के साथ 85.45 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। डॉलर सूचकांक में तेज गिरावट तथा निवेशकों का जोखिम वाली परिसंपत्तियों के प्रति रुझान बढ़ने के बीच घरेलू शेयर बाजार में मजबूती रहने से रुपये की विनिमय दर में तेजी आई।

इसके साथ ही अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में तीन दिन से जारी गिरावट का सिलसिला थम गया।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि पिछले तीन कारोबारी सत्रों में 53 पैसे की गिरावट के बाद रुपया शुक्रवार को महत्वपूर्ण बढ़त के साथ बंद हुआ। विदेशी बाजार में डॉलर के कमजोर रुख से रुपये पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा।

हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में मामूली सुधार और विदेशी संस्थागत निवेशकों की धननिकासी ने रुपये की बढ़त को सीमित किया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपये में भारी उतार-चढ़ाव देखा गया। यह 85.95 पर खुला और फिर इसने अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 85.11 के ऊपरी स्तर तथा 86.10 के निचले स्तर को छुआ। कारोबार के अंत में रुपया 85.45 प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 50 पैसे अधिक है।

रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 36 पैसे की गिरावट के साथ 85.95 पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ''हमें उम्मीद है कि अमेरिकी डॉलर सूचकांक में कमजोर रुख और जोखिम लेने की धारणा में सुधार के कारण रुपया सकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। हालांकि, विदेशी निवेशकों की बिकवाली के कारण तेजी की रफ्तार थम सकती है।''

चौधरी ने कहा कि कारोबारी अमेरिका में मकानों की बिक्री के आंकड़ों से संकेत ले सकते हैं। हाजिर बाजार में रुपये के 85 से 85.70 प्रति डॉलर के दायरे में कारोबार करने की संभावना है।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.60 प्रतिशत गिरकर 99.36 पर रहा।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.22 प्रतिशत गिरकर 64.30 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर आ गया।

बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक 769.09 अंक की तेजी के साथ 81,721.08 अंक पर बंद हुआ जबकि निफ्टी 243.45 अंक की तेजी के साथ 24,853.15 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 1,794.59 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 23, 2025 09:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).