एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | बुलडोजर चलाना हर किसी के बस की बात नहीं, इसके लिए क्षमता और दृढ़ प्रतिज्ञा चाहिए : योगी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार बनने पर बुलडोजर का रुख गोरखपुर की तरफ मोड़ने संबंधी बयान को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर पलटवार करते हुए बुधवार को कहा कि बुलडोजर पर हर व्यक्ति के हाथ नहीं “फिट” हो सकते और दंगाइयों के सामने नाक रगड़ने वाले लोग बुलडोजर के सामने पस्त हो जाएंगे।

देश की खबरें | बुलडोजर चलाना हर किसी के बस की बात नहीं, इसके लिए क्षमता और दृढ़ प्रतिज्ञा चाहिए : योगी

लखनऊ, चार सितंबर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार बनने पर बुलडोजर का रुख गोरखपुर की तरफ मोड़ने संबंधी बयान को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर पलटवार करते हुए बुधवार को कहा कि बुलडोजर पर हर व्यक्ति के हाथ नहीं “फिट” हो सकते और दंगाइयों के सामने नाक रगड़ने वाले लोग बुलडोजर के सामने पस्त हो जाएंगे।

आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव और उनके चाचा व पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव की 'भेड़िये' से तुलना करते हुए आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से पहले सरकारी नौकरी के नाम पर 'चाचा और भतीजा' वसूली करते थे।

उन्होंने कहा कि जिस तरह इस समय कुछ आदमखोर भेड़िये अलग-अलग जनपदों में उत्पात मचा रहे हैं, कमोबेश यही स्थिति वर्ष 2017 से पहले प्रदेश की थी और ये लोग उस समय तबाही मचाये हुए थे।

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा भर्ती प्रक्रिया के तहत नियुक्त 1334 अवर अभियंताओं, संगणकों तथा फोरमैन कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपने के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान के लिए उन्हें आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, ''बुलडोजर पर हर व्यक्ति के हाथ नहीं फिट हो सकते। इसके लिये दिल और दिमाग दोनों चाहिये। बुलडोजर जैसी क्षमता और दृढ़ प्रतिज्ञा जिसमें हो, वो ही बुलडोजर चला सकता है। दंगाइयों के सामने नाक रगड़ने वाले लोग बुलडोजर के सामने वैसे ही पस्त हो जाएंगे।''

अखिलेश ने मंगलवार को लखनऊ में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में कहा था कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का सफाया होगा और राज्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही पूरे प्रदेश के बुलडोजरों का रूख गोरखपुर (मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृहनगर) की तरफ कर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यादव पर तंज करते हुए कहा कि 2017 से पहले जो लोग प्रदेश में लूट-खसोट मचाये थे, आज जब उनके सपनों पर पानी फिर चुका है तो अब टीपू भी सुलतान बनने चले हैं, वह सपना देख रहे हैं।

अखिलेश को टीपू भी कहा जाता है।

आदित्यनाथ ने कहा कि आपने देखा होगा कि आज से 8-10 वर्ष पहले एक धारावाहिक आया था मुंगेरीलाल के हसीन सपने... वैसे ही इन लोगों की सपने देखने की आदत रही है, क्योंकि जब जनता ने उन्हें अवसर दिया था तब इन्होंने युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने में कोई गुरेज नहीं किया था।

आदित्यनाथ ने अखिलेश और शिवपाल यादव की 'भेड़िये' से तुलना की।

उन्होंने कहा, “मैं देख रहा हूं न इस समय कुछ आदमखोर भेड़िये अलग-अलग जनपदों में उत्पात मचा रहे हैं। कमोबेश यही स्थित वर्ष 2017 से पहले प्रदेश की थी। ये लोग उस समय कितनी तबाही मचाये हुए थे। इनके भी वसूली के एरिया बंटे हुए थे।”

सलीम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 04, 2024 02:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).