देश की खबरें | आरएसएस नेता की टिप्पणियों को सही परिप्रेक्ष्य में लिया जाना चाहिए: मुतालिक
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. श्रीराम सेना के प्रमुख प्रमोद मुतालिक ने बुधवार को कहा कि देश में आर्थिक विषमता और असमानता पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के नेता दत्तात्रेय होसबाले की हालिया टिप्पणियों को सही परिप्रेक्ष्य में लिया जाना चाहिए और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सुधारों के साथ आगे आना चाहिए।
मेंगलुरु, पांच अक्टूबर श्रीराम सेना के प्रमुख प्रमोद मुतालिक ने बुधवार को कहा कि देश में आर्थिक विषमता और असमानता पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के नेता दत्तात्रेय होसबाले की हालिया टिप्पणियों को सही परिप्रेक्ष्य में लिया जाना चाहिए और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सुधारों के साथ आगे आना चाहिए।
उडुपी में पत्रकारों को संबोधित करते हुए मुतालिक ने कहा, ‘‘होसबाले की टिप्पणियों का भाजपा को स्वागत करना चाहिए और पार्टी को सुधार के रास्ते पर चलना चाहिए।’’
मुतालिक ने कहा कि संघ के सरकार्यवाह होसबाले ने चिंता और पीड़ा के साथ देश के बारे में बात की थी। उन्होंने कहा, ‘‘होसबाले ने न तो कोई गुस्सा जाहिर किया, न ही कोई गलत संदेश दिया। वह राजनेता नहीं हैं और कोई यह भी नहीं कह सकता कि वह भाजपा के खिलाफ बोल रहे थे।’’
श्रीराम सेना प्रमुख ने कहा कि सत्तारूढ़ दल की खामियां बताये जाने की जरूरत है, अन्यथा, भाजपा नेताओं के मन में यह बात बैठने का खतरा है कि वे जो कुछ भी करते हैं वह सब सही है।
मुतालिक ने कहा कि आरएसएस में दूसरे महत्वपूर्ण पद पर आसीन होसबाले ने शोध और अध्ययन के बाद देश में वास्तविकता के बारे में बात की थी और इसे सही भावना से लिया जाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, अपनी तुष्टीकरण की राजनीति के साथ, मुस्लिम चरमपंथियों के नेतृत्व में देश में आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए जिम्मेदार है।
मुतालिक ने कहा कि वह आरएसएस के कुछ नेताओं के विचारों से सहमत नहीं हैं कि देश में मुसलमानों को उनके विचार बदलने के लिए राजी किया जा सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ नेता ऐसा सोच सकते हैं, लेकिन मुझे लगता है कि यह असंभव है।’’
मुतालिक ने कहा कि दक्षिण कन्नड़ जिले के बंतवाल में आरएसएस कार्यकर्ताओं को धमकी देते हुए पीएफआई के समर्थन में सड़क पर जो लिखा गया, उसने साबित कर दिया है कि संगठन अब भी सक्रिय है।
उन्होंने हिंदुओं से अपील की कि वे असामाजिक तत्वों से निपटने के लिए पुलिस के साथ सहयोग करें।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)