देश की खबरें | राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवारों की सूची में आरपीएन सिंह, सुधांशु त्रिवेदी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए रविवार को 14 उम्मीदवारों के नाम घोषित किये, जिनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री आर पी एन सिंह और उत्तर प्रदेश से निवर्तमान सांसद सुधांशु त्रिवेदी तथा पार्टी की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट शामिल हैं।
नयी दिल्ली, 11 फरवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए रविवार को 14 उम्मीदवारों के नाम घोषित किये, जिनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री आर पी एन सिंह और उत्तर प्रदेश से निवर्तमान सांसद सुधांशु त्रिवेदी तथा पार्टी की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट शामिल हैं।
भाजपा की ओर से जारी इस सूची में किसी भी ऐसे केन्द्रीय मंत्री का नाम नहीं है जिनके कार्यकाल समाप्त हो रहे हैं, जिससे उनमें से कई के आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने की प्रबल संभावना है।
कर्नाटक से राज्यसभा सदस्य एवं केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर, तथा भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं मीडिया प्रमुख और उत्तराखंड से निवर्तमान सांसद अनिल बलूनी के नाम इस सूची में नहीं हैं।
सूत्रों ने कहा कि दोनों को पार्टी लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार बना सकती है।
बिहार से भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी का नाम पार्टी द्वारा घोषित उम्मीदवारों की सूची में नहीं है।
बिहार में राज्यसभा की छह सीटें रिक्त हैं और राज्य में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) तथा विपक्ष, दोनों के अपनी मौजूदा संख्या बल के आधार पर तीन-तीन सीटें जीतने की संभावना है। भाजपा की सहयोगी पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) एक सीट पर अपना उम्मीदवार उतार सकती है।
आर पी एन सिंह भाजपा में शामिल होने से पहले कांग्रेस में थे। पार्टी की हरियाणा इकाई के पूर्व अध्यक्ष सुभाष बराला राज्य से पार्टी के उम्मीदवार होंगे।
पंद्रह राज्यों में राज्यसभा की कुल 56 सीटों के लिए चुनाव 27 फरवरी को होने हैं और नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख 15 फरवरी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 11, 2024 09:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

