देश की खबरें | रोहतक: किसानों की धमकी के बाद भाजपा नेता के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के रोहतक में भाजपा नेता मनीष ग्रोवर के घर की ओर जा रही सड़क पर पुलिस ने मंगलवार को बैरिकेड लगा दिए, क्योंकि किसानों ने महिला प्रदर्शनकारियों के साथ बदसलूकी की कथित घटना को लेकर उनके घर का घेराव करने की धमकी दी है। ग्रोवर ने आरोपों से इनकार किया है।
चंडीगढ़, 13 जुलाई हरियाणा के रोहतक में भाजपा नेता मनीष ग्रोवर के घर की ओर जा रही सड़क पर पुलिस ने मंगलवार को बैरिकेड लगा दिए, क्योंकि किसानों ने महिला प्रदर्शनकारियों के साथ बदसलूकी की कथित घटना को लेकर उनके घर का घेराव करने की धमकी दी है। ग्रोवर ने आरोपों से इनकार किया है।
हिसार से रोहतक पहुंचे किसान पूर्व मंत्री के आवास के पास प्रदर्शन कर रहे हैं। शनिवार को हांसी से भाजपा के विधायक विनोद भयाना और ग्रोवर ने हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में पार्टी के एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।
महिलाओं समेत किसान, भाजपा नेताओं के खिलाफ विश्वविद्यालय के गेट के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि जिस कार में भयाना और ग्रोवर बैठे थे, उसमें सवार एक शख्स ने विश्वविद्यालय के गेट के बाहर महिला प्रदर्शनकारियों की ओर अश्लील इशारे किए।
रोहतक के पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा ने कहा कि मुख्य रूप से हिसार के किसान यह कहते हुए जिले में पहुंचे हैं कि वे ग्रोवर के आवास का घेराव करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा, “क्षेत्र के एसडीएम और हमारे डीएसपी उनसे बातचीत कर रहे हैं। उन्हें यह भी बताया गया है कि ग्रोवर ने कथित घटना के संबंध में अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है। हमें उम्मीद है कि वे जल्द ही स्थल से चले जाएंगे।”
पुलिस ने बताया कि सख्त सुरक्षा बंदोबस्त के तहत ग्रोवर के घर के पास पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए हैं। ग्रोवर ने कहा कि न तो उन्होंने और न ही उनकी कार में बैठे किसी और ने महिला प्रदर्शनकारियों की ओर अश्लील इशारे किए। उन्होंने कहा, “मैं उस पार्टी का कार्यकर्ता हूं जो महिलाओं को बहुत सम्मान देती है। मेरे घर में बहनें, बेटियां और मां हैं। मैं ऐसा (करने की) सोच भी नहीं सकता, जैसा कि आरोप लगाया जा रहा है।”
घटना को लेकर रविवार को किसानों ने भयाना के हांसी स्थित आवास के बाहर प्रदर्शन किया था। पुलिस की मौजूदगी में अपने आवास के बाहर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए भयाना ने कहा, “न तो मैंने कोई अश्लील इशारे किए और न ही देखा कि ये इशारे किसने किए।” उन्होंने घटना को लेकर अफसोस जताया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)