एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | संजय भंडारी मामले में ईडी के समक्ष पेश हुए रॉबर्ट वाद्रा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा के पति एवं कारोबारी रॉबर्ट वाद्रा ब्रिटेन में स्थित हथियार सलाहकार संजय भंडारी से जुड़े धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश हुए। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

देश की खबरें | संजय भंडारी मामले में ईडी के समक्ष पेश हुए रॉबर्ट वाद्रा

नयी दिल्ली, 14 जुलाई कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा के पति एवं कारोबारी रॉबर्ट वाद्रा ब्रिटेन में स्थित हथियार सलाहकार संजय भंडारी से जुड़े धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश हुए। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि रॉबर्ट वाद्रा का बयान धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दर्ज किया जाएगा।

वाद्रा (56) को जांच एजेंसी ने पिछले महीने बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया था, लेकिन उन्होंने विदेश यात्रा के कारण अपने समन को स्थगित करने का अनुरोध किया था।

केंद्रीय जांच एजेंसी तीन अलग-अलग धन शोधन मामलों में वाद्रा से पूछताछ कर रही है, जिनमें से एक मामला यह भी है। अन्य दो मामले जमीन सौदों में कथित अनियमितताओं से संबंधित हैं।

दिल्ली आयकर विभाग ने 63 वर्षीय भंडारी के खिलाफ छापे मारे थे, जिसके तुरंत बाद 2016 में वह लंदन भाग गया। दिल्ली की एक अदालत ने उसे हाल में भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया है।

ब्रिटेन की एक अदालत ने पिछले महीने भारत सरकार के उस आवेदन को अस्वीकार कर दिया था जिसमें उसने भंडारी के खिलाफ प्रत्यर्पण मामले में उसे बरी किए जाने के खिलाफ ब्रिटेन के उच्चतम न्यायालय में अपील करने की अनुमति मांगी थी। इस आवेदन के साथ ही उसे कानून का सामना करने के लिए भारत लाए जाने की संभावना लगभग समाप्त हो गई थी।

ईडी ने इस मामले में 2023 में एक आरोपपत्र दाखिल किया था जिसमें आरोप लगाया गया था कि भंडारी ने 2009 में लंदन स्थित 12, ब्रायनस्टन स्क्वायर घर ‘‘खरीदा’’ था और ‘‘वाद्रा के निर्देशों के अनुसार’’ इसकी मरम्मत करायी थी और ‘‘मरम्मत के लिए धन रॉबर्ट वाद्रा द्वारा दिया गया था।’’

वाद्रा ने इस बात से इनकार किया है कि उनके पास प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से लंदन में कोई संपत्ति है।

इन आरोपों को अपने खिलाफ राजनीतिक षड्यंत्र करार देते हुए उन्होंने कहा कि राजनीतिक उद्देश्यों की पूर्ति के लिए उन्हें ‘‘परेशान’’ किया जा रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 14, 2025 12:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).