विदेश की खबरें | न्यूजीलैंड में लुटेरों ने भारतीय मूल के दो डेयरी मालिकों के स्टोर पर हमला किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. भारतीय मूल के व्यवसायियों के स्वामित्व वाले दो डेयरी स्टोर को इस सप्ताह न्यूजीलैंड में हथियारबंद लुटेरों ने निशाना बनाया।
मेलबर्न, 23 दिसंबर भारतीय मूल के व्यवसायियों के स्वामित्व वाले दो डेयरी स्टोर को इस सप्ताह न्यूजीलैंड में हथियारबंद लुटेरों ने निशाना बनाया।
मीडिया की खबरों के अनुसार, यह घटना इसी तरह के हमले में भारतीय मूल के एक व्यवसायी के मारे जाने के लगभग एक महीने बाद हुई है।
‘1न्यूज’ की एक खबर में कहा गया कि मेलरोज रोड पर स्थित एक डेयरी के मालिक अजीत पटेल ने कहा कि बेसबॉल बैट लिए पांच नकाबपोश सोमवार सुबह उनकी दुकान में घुस गए। पटेल ने कहा कि लुटेरों ने लूटपाट की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो पाए।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एक अन्य हमले में लोगों के एक समूह ने एलर्सली में मरुआ रोड स्थित सैंड्रा डेयरी पर धावा बोल दिया और कई सामान लूटकर एक वाहन में सवार होकर फरार हो गए।
ये दो दुकानें ऑकलैंड और वाइकाटो क्षेत्र की उन छह दुकानों में शामिल हैं, जिन्हें इस सप्ताह की शुरुआत में लुटेरों ने निशाना बनाया।
देश में छोटा व्यवसाय करने वालों के खिलाफ हिंसा और अपराध के मामलों मे वृद्धि हुई है। इनमें से कई घटनाओं में भारतीय मूल के लोगों के व्यवसाय निशाने पर रहे।
गत शनिवार को चार लोग हैमिल्टन में भारतीय मूल के पुनीत सिंह के डेयरी स्टोर में घुस गए और चाकू से उनकी दो उंगलियां काट दीं।
पिछले महीने, भारतीय मूल के 34 वर्षीय डेयरी कर्मचारी जनक पटेल की सैंड्रिंघम में हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद पूरे देश में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)