मुंबई, 30 अप्रैल अभिनेता ऋषि कपूर का बृहस्पतिवार को दक्षिणी मुम्बई के चंदनवाड़ी शवदाह गृह में अंतिम संस्कार किया गया।
दो साल से ल्यूकेमिया (रक्त का कैंसर) से जंग लड़ रहे अभिनेता (67) को बुधवार को तबीयत बिगड़ने के बाद एच. एन. रिलायंस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां आज सुबह उनका निधन हो गया।
कोरोना वायरस के मद्देनजर लागू लॉकडाउन के कारण अभिनेता का पार्थिव शरीर कड़ी सुरक्षा के साथ करीब पौने चार बजे अस्पताल से सीधे शवदाह गृह ले जाया गया।
उनकी बेटी रिद्धिमा अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सकीं। हालांकि वह दिल्ली से मुंबई के लिए रवाना हो चुकी हैं।
अंतिम संस्कार के समय पत्नी नीतू सिंह, बेटे रणबीर, ऋषि के बड़े भाई रणधीर, करीना कपूर खान , उनके पति सैफ अली खान और अभिनेता अभिषेक बच्चन और रणबीर की प्रेमिका आलिया भट्ट और अनिल अंबानी मौजूद थे।
कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लागू लॉकडाउन के कारण परिवार के कुछ सदस्य और दोस्त ही अंतिम संस्कार में शामिल हुए। शवदाह गृह पहुंचे इन सभी लोगों ने मास्क और दस्ताने पहन रखे थे।
इससे पहले रणधीर कपूर ने ‘पीटीआई-’ को बताया था कि ऋषि कपूर का अंतिम संस्कार चंदनवाड़ी शवदाह गृह में बृहस्पतिवार को ही किया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)













QuickLY