देश की खबरें | स्लोवाकिया से भारत लौटने के क्रम में रिजिजू ऑस्ट्रिया पहुंचे

नयी दिल्ली, छह मार्च केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू स्लोवाकिया से भारत लौटने के क्रम में वियना पहुंच गये हैं।

उन्होंने युद्धग्रस्त यूक्रेन से भारतीयों की सुरक्षित निकासी के लिए स्लोवाकिया में समन्वय किया।

भारतीय दूतावास ने एक ट्वीट में कहा कि राजदूत ने आस्ट्रिया की राजधानी में रिजिजू की अगवानी की।

दूतावास ने ट्वीट किया, ‘‘राजदूत जयदीप मजूमदार ने माननीय कानून एवं न्याय मंत्री किरेन रिजिजू जी के ब्रातिसलावा से भारत लौटने के क्रम में वियना में उनका स्वागत किया।’’

रूसी सैन्य कार्रवाई के चलते यूक्रेन के वायु क्षेत्र को यात्री विमान के लिए बंद रखा गया है। इसलिए पोलैंड, रोमानिया, हंगरी और स्लोवाकिया जैसे यूक्रेन के पड़ोसी देशों के जरिये भारत अपने नागरिकों को ऑपरेशन गंगा के तहत सुरक्षित रूप से निकाल रहा है।

केंद्रीय मंत्रियों रिजिजू, जनरल वी के सिंह, हरदीप सिंह पुरी और ज्योतिरादित्य सिंधिया को यूक्रेन की सीमा से लगे देशों में भेजा गया था, ताकि वे युद्धग्रस्त देश से भारतीयों की सुरक्षित निकासी में समन्वय कर सकें।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)