कोलकाता, 25 सितंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई ने बुधवार को दक्षिण कोलकाता में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास के नजदीक हाजरा इलाके में धरना दिया और आरजी कर अस्पताल में महिला चिकित्सा से दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना को लेकर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख के इस्तीफे की मांग की।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने घटना को लेकर राज्य सरकार की आलोचना की, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं ने महिला चिकित्सक के लिए न्याय की मांग करते हुए तख्तियां लहराईं।
शुभेंदु अधिकारी ने धरना स्थल पर भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहने और घटना को छिपाने का प्रयास करने के लिए हम मुख्यमंत्री के तत्काल इस्तीफे की मांग करते हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि दुष्कर्म के बाद हत्या मामले में दोषियों को बचाने के प्रयास में महत्वपूर्ण सबूतों को कथित तौर पर नष्ट किया गया।
उन्होंने दावा किया, “राज्य सरकार ने त्वरित जांच सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए।”
महिला स्नातकोत्तर प्रशिक्षु का शव नौ अगस्त की सुबह कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सभागार के अंदर मिला था। पिछले सप्ताह पश्चिम बंगाल के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में कनिष्ठ चिकित्सकों ने 42 दिनों के अंतराल के बाद आंशिक रूप से अपनी सेवाएं फिर से शुरू की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY