देश की खबरें | कांग्रेस विधायक को ‘धमकी’ देने वाले पूर्व दस्यु जगन गुर्जर पर 15 हजार का ईनाम घोषित

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान पुलिस ने पूर्व दस्यु जगन गुर्जर की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए 15 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया है।

जयपुर, 27 जनवरी राजस्थान पुलिस ने पूर्व दस्यु जगन गुर्जर की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए 15 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया है।

धौलपुर जिले के बाड़ी विधायक को कथित धमकी देने के मामले में पुलिस को जगन गुर्जर की तलाश है। बीते साल ही जगन जेल से जमानत पर छूटकर बाहर आया है।

धौलपुर जिला पुलिस ने पूर्व दस्यु जगन गुर्जर की तलाश में चंबल के बीहड के डांग इलाके में विशेष अभियान चला रखा है।

जिला पुलिस अधीक्षक शिवराज मीणा ने बृहस्पतिवार को बताया कि सोशल मीडिया पर कांग्रेस विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा को धमकी का एक कथित वीडियो वायरल होने के मामले में पूर्व दस्यु की तलाश की जा रही है।

मीणा ने बताया कि इस वीडियो में पूर्व दस्यु जगन गुर्जर द्वारा बाड़ी विधायक के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल भी किया गया है। इस संबंध में बाड़ी थाने में भारतीय दंड संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही, उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा 15 हजार का ईनाम भी घोषित किया गया है।

उन्होंने बताया कि घोषित ईनाम में पुलिस महानिरीक्षक भरतपुर रेंज की ओर से 10 हजार तथा ‌पुलिस अधीक्षक कार्यालय धौलपुर की ओर से पांच हजार रुपये का ईनाम शामिल है।

मीणा ने बताया कि पूर्व दस्यु जगन गुर्जर की तलाश में विशेष टीमों का गठन कर उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

सं कुंजकुंज बिहारी

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\