देश की खबरें | राजस्व मंत्री प्रमिला मलिक ने इस्तीफा दिया, ओडिशा की पहली महिला विस अध्यक्ष बनना तय
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा की राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री प्रमिला मलिक ने बृहस्पतिवार को नवीन पटनायक मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया।
भुवनेश्वर, 21 सितंबर ओडिशा की राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री प्रमिला मलिक ने बृहस्पतिवार को नवीन पटनायक मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया।
सूत्रों ने बताया कि छह बार की विधायक मलिक ने मुख्यमंत्री को अपना इस्तीफा सौंपा और पटनायक ने इस्तीफा राज्यपाल के पास भेज दिया।
मलिक के इस्तीफा देने के बाद नवीन पटनायक मंत्रिमंडल में अब मुख्यमंत्री समेत 20 मंत्री हैं।
सूत्रों ने बताया कि मलिक ओडिशा विधानसभा के अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल कर सकती हैं।
पिछले मंत्रिमंडल फेरबदल में बिक्रम केशरी अरुखा को वित्त मंत्री बनाए जाने के बाद ओडिशा विधानसभा के अध्यक्ष का पद खाली है।
मलिक का ओडिशा विधानसभा अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है क्योंकि 147 सदस्यीय सदन में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) के 113 सदस्य हैं। विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 22 और कांग्रेस के नौ विधायक हैं। एक निर्दलीय और एक मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) का विधायक है।
सूत्रों ने बताया कि विपक्षी दल भाजपा और कांग्रेस के इस चुनाव के लिए कोई प्रत्याशी खड़ा करने की संभावना नहीं है।
विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए चुनाव 22 सितंबर को सुबह साढ़े नौ बजे होगा और इसी दिन विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होगा। सत्र चार अक्टूबर तक संचालित होने की उम्मीद है। चुनाव के लिए नामांकन भरने की तारीख 21 सितंबर है।
पहले अध्यक्ष पद का चुनाव 21 सितंबर को होना था लेकिन बाद में भाजपा और कांग्रेस ने चुनाव का बहिष्कार करने की घोषणा की थी क्योंकि यह पश्चिमी ओडिशा के कृषि पर्व नुआखाई के मौके पर हो रहा था। इसके बाद चुनाव 22 सितंबर के लिए स्थगित कर दिया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)