एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | सरकार के हस्तक्षेप के बाद भारत में रॉयटर्स का ‘एक्स’ अकाउंट फिर से बहाल किया गया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी ‘रॉयटर्स’ के ‘एक्स’ अकाउंट को भारत में कुछ घंटों के लिए बंद कर दिया गया था, लेकिन बाद में जब सरकार ने इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए कहा कि उसने अकाउंट को बंद करने की कोई मांग नहीं की है, तब इसे फिर से बहाल कर दिया गया।

देश की खबरें | सरकार के हस्तक्षेप के बाद भारत में रॉयटर्स का ‘एक्स’ अकाउंट फिर से बहाल किया गया

नयी दिल्ली, छह जुलाई अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी ‘रॉयटर्स’ के ‘एक्स’ अकाउंट को भारत में कुछ घंटों के लिए बंद कर दिया गया था, लेकिन बाद में जब सरकार ने इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए कहा कि उसने अकाउंट को बंद करने की कोई मांग नहीं की है, तब इसे फिर से बहाल कर दिया गया।

रातों-रात भारत में रॉयटर्स के ‘एक्स’ अकाउंट को बंद कर दिया गया, जिससे अटकलों का बाजार गर्म हो गया था।

सरकार ने एलन मस्क के स्वामित्व वाले इस प्लेटफॉर्म से स्पष्टीकरण मांगा और कहा कि उसने रॉयटर्स के ‘एक्स’ अकाउंट को बंद करने की कोई मांग नहीं की है। इसके तुरंत बाद एक्स ने अकाउंट को फिर से बहाल कर दिया।

रॉयटर्स का ‘एक्स’ अकाउंट शनिवार शाम से रविवार शाम तक लगभग 24 घंटे तक बंद रहा।

‘एक्स’ पर रविवार शाम तक चस्पा एक नोटिस में यह कहा गया था कि रॉयटर्स का ‘एक्स’ अकाउंट भारत में ‘‘कानूनी मांग के कारण’’ बंद हो गया है।

हालांकि, सरकार के प्रवक्ता ने कहा कि खाते को बंद करने का कोई कानूनी अनुरोध नहीं किया गया।

इससे पहले दिन में, सूत्रों ने कहा था कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान सैकड़ों अन्य अकाउंट के साथ-साथ रॉयटर्स के ‘एक्स’ अकाउंट को भी अवरुद्ध करने की मांग की गई थी। यद्यपि उस वक्त कई खातों को भारत में अवरुद्ध कर दिया गया था, लेकिन रॉयटर्स के अकाउंट को बंद नहीं किया गया था।

चीनी मीडिया संगठन ‘ग्लोबल टाइम्स’ और तुर्की के मीडिया प्रतिष्ठान ‘टीआरटी वर्ल्ड’ के आधिकारिक खातों को भी कानूनी मांग का हवाला देते हुए फिर से अवरुद्ध कर दिया गया, हालांकि सरकार ने कहा कि अब इसकी आवश्यकता नहीं है।

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘भारत सरकार की ओर से ग्लोबल टाइम्स न्यूज़/टीआरटीवर्ल्ड हैंडल को बंद करने की कोई आवश्यकता नहीं है। हम समस्या को हल करने के लिए ‘एक्स’ के साथ लगातार काम कर रहे हैं।’’

औचक जांच में पाया गया कि चीन की शिन्हुआ समाचार एजेंसी और कुछ अन्य मीडिया संस्थान, जिन्हें ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अवरुद्ध कर किया गया था, अब सुलभ हैं।

एक आधिकारिक सूत्र ने कहा, ‘‘सात मई को (ऑपरेशन सिंदूर के दौरान) एक आदेश जारी किया गया था, लेकिन इसे लागू नहीं किया गया। ऐसा लगता है कि एक्स ने अब उस आदेश को लागू किया है, जो उनकी ओर से एक गलती है। सरकार ने इसे जल्द से जल्द हल करने के लिए एक्स से संपर्क किया है।’’

रायटर्स ने इस संबंध में भेजे गए ईमेल का जवाब नहीं दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 06, 2025 11:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).