रिटेलर्स एसोसिएशन ने कहा, नए दिशानिर्देश अर्थव्यवस्था के लिए एक अच्छी शुरुआत
आरएआई ने कहा कि अब उसे इस बात का इंतजार है कि विभिन्न राज्य सरकारें इन नए दिशानिर्देशों को कैसे अपनाती हैं।
नयी दिल्ली, दो मई संगठित खुदरा कंपनियों के संगठन रिटेलर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (आरएआई) ने केंद्र सरकार की नई अधिसूचना को अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने के लिए एक अच्छी शुरुआत बताया।
आरएआई ने कहा कि अब उसे इस बात का इंतजार है कि विभिन्न राज्य सरकारें इन नए दिशानिर्देशों को कैसे अपनाती हैं।
आरएआई ने कहा कि अब उसे उम्मीद है कि संबंधित राज्य सरकारें शॉपिंग मॉल्स को सुरक्षित मानते हुए इन्हें नियमन वाले तरीके से ग्राहकों के लिए खोलने की अनुमति देंगे।
सरकार की ओर से शनिवार को नई अधिसूचना जारी गई है। इसमें तीसरे चरण के लॉकडाउन के दौरान ग्रीन ऑरेंज क्षेत्रों में अंकुशों कुछ ढील दी गई है। तीसरे चरण का बंद चार मई से दो सप्ताह के लिए है।
आरएआई ने बयान में कहा, ‘‘गृह मंत्रालय की नई अधिसूचना अर्थव्यवस्था को चलाने की दृष्टि से एक अच्छी शुरुआत है। हम राज्यों की ओर से स्पष्टीकरण और वे इन दिशानिर्देशों को कैसे लेते हैं, का इंतजार है।’’
बयान में कहा गया है, ‘‘हमें उम्मीद है कि सरकार शॉपिंग मॉल्स को सुरक्षित मानते हुए उन्हें भी खोलने की अनुमति देगी।’’
आरएआई ने कहा कि कोरोना वायरस की वजह से लागू बंद से खुदरा उद्योग बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस महामारी की स्थिति में टिके रहने के लिए उसे वित्तीय और नीतिगत समर्थन का इंतजार है।
सरकार ने शुक्रवार को लॉकडाउन को दो सप्ताह और बढ़ाने की घोषणा की है। इस दौरान अंतर राज्यीय यात्रा, हवाई और ट्रेन सेवाएं स्थगित रहेंगी। हालांकि, बंद के तीसरे चरण में विभिन्न क्षेत्रों को रेड, ऑरेंज और ग्रीन में वगीकृत करते हुए कुछ गतिविधियों की अनुमति दी जएगी।
शहरी क्षेत्रों में विशेष आर्थिक क्षेत्रों (सेज), निर्यातोन्मुख इकाइयों (ईओयू) और औद्योगिक एस्टेट्स और टाउनशिप में औद्योगिक प्रतिष्ठानों को परिचालन की अनुमति होगी। शहरी क्षेत्रों में मॉल्स, बाजारों, बाजार परिसरों में गैर-आवश्यक उत्पादों की दुकानें बंद रहेंगी। हालांकि, गली-मोहल्ले, पास-पड़ोस और आवासीय परिसरों में स्थित सभी दुकानें..आवश्यक और गैर-आवश्यक वस्तुओं.. खोली जा सकेंगी।
रेड क्षेत्रों में ई-कॉमर्स कंपनियां सिर्फ आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति कर सकेंगी। निजी कार्यालय 33 प्रतिशत श्रमबल के साथ परिचालन कर सकेंगे।
अजय
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 02, 2020 08:13 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

