जरुरी जानकारी | फरवरी में वाहनों की खुदरा बिक्री 13 प्रतिशत बढ़कर 20.29 लाख इकाई रही
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. फरवरी में यात्री और दोपहिया वाहनों समेत सभी खंडों में तगड़ी खरीदारी आने से देश में वाहनों की खुदरा बिक्री सालाना आधार पर 13 प्रतिशत बढ़ गई। वाहन वितरकों के संगठन फाडा ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, सात मार्च फरवरी में यात्री और दोपहिया वाहनों समेत सभी खंडों में तगड़ी खरीदारी आने से देश में वाहनों की खुदरा बिक्री सालाना आधार पर 13 प्रतिशत बढ़ गई। वाहन वितरकों के संगठन फाडा ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पिछले महीने कुल 20,29,541 वाहनों की खुदरा बिक्री हुई जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यह 17,94,866 इकाई थी।
यात्री वाहन खंड में पिछले महीने बिक्री 12 प्रतिशत बढ़कर 3,30,107 इकाई हो गई, जो फरवरी, 2023 में 2,93,803 इकाई थी।
'फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन' (फाडा) के अध्यक्ष मनीष राज सिंघानिया ने एक बयान में कहा, "फरवरी के महीने में यात्री वाहनों की अब तक की सर्वाधिक बिक्री दर्ज की गई। नए उत्पादों की रणनीतिक पेशकश और वाहनों की उपलब्धता बढ़ने की इसमें अहम भूमिका रही।"
पिछले महीने दोपहिया वाहनों की बिक्री 13 प्रतिशत बढ़कर 14,39,523 इकाई रही, जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह 12,71,073 इकाई थी।
सिंघानिया ने कहा कि दोपहिया वाहन खंड में वृद्धि के पीछे ग्रामीण क्षेत्र की मांग, प्रीमियम मॉडलों की चाहत, व्यापक उत्पाद उपलब्धता और दिलचस्प ऑफर की अहम भूमिका रही।
उन्होंने कहा कि शादियों के मौसम और बेहतर आर्थिक स्थिति जैसे कारकों ने भी इस सकारात्मक वृद्धि में योगदान दिया।
फरवरी में वाणिज्यिक वाहनों की खुदरा बिक्री बढ़कर 88,367 इकाई हो गई, जो पिछले साल के इसी महीने की तुलना में पांच प्रतिशत अधिक है।
सिंघानिया ने कहा कि नकदी प्रवाह की कमी और चुनाव से संबंधित खरीद स्थगन जैसी बाओं के बावजूद इस खंड में वृद्धि देखी गई, जो इस क्षेत्र के लचीलेपन और क्रमिक सुधार को उजागर करती है।
तिपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री भी पिछले महीने 24 प्रतिशत बढ़कर 94,918 इकाई हो गई। इसी तरह, ट्रैक्टर की बिक्री 11 प्रतिशत बढ़कर 76,626 इकाई हो गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 07, 2024 11:06 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

