बर्लिन, 15 मई जर्मन फुटबॉल लीग शनिवार से फिर शुरू होने जा रही है और कोरोना वायरस महामारी के दौरान बहाल होने वाली यह पहली यूरोपीय लीग होगी ।
दो महीने के ब्रेक के बाद जर्मन फुटबाल लीग ने मैचों की बहाली के लिये असाधारण विस्तृत योजना चांसलर एंजेला मर्केल और अन्य 16 नेताओं को भेजी थी।
इंग्लैंड, इटली और स्पेन में अभी भी लीग फुटबॉल शुरू होने में एक महीना लगेगा ।
बुंदेसलीगा के सीईओ क्रिस्टियन सीफर्ट ने चेताया है कि खाली स्टेडियमों में खेले जाने वाले मैच बिल्कुल अलग होंगे । इस मैच में ना तो जज्बात का सैलाब उमड़ेगा और ना ही हौसलाअफजाई के लिये तालियों की गड़गड़ाहट सुनाई देगी ।
दर्शकों के बिना खेले जाने वाले इस मुकाबले में चुनिंदा मीडियाकर्मी और अधिकारी ही मौजूद होंगे । यहां तक कि राष्ट्रीय टीम के कोच जोकिम ल्यू को भी आने की अनुमति नहीं है ।
लीग के दौरान स्थानापन्न खिलाड़ी मास्क पहनेंगे । गोल का जश्न कोहनी टकराकर मनाया जायेगा । ना तो कोई हाथ मिलायेगा और ना गले मिलेगा । ना तो किसी टीम को घर में खेलने का फायदा मिलेगा और ना मेहमान टीम घाटे में रहेगी ।
हेरथा बर्लिन के कोच ब्रूनो लबाडिया ने कहा ,‘‘ यह अंधेरे में तीर चलाने जैसा है ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ कुछ दिन की तैयारी में यह कहना मुश्किल है कि हम कहां ठहरते हैं ।’’
एएफपी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)












QuickLY