देश की खबरें | रिजर्व बैंक ने देश का असली मिजाज जाहिर कर दिया: राहुल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा जीडीपी विकास दर के नकारात्मक रहने की आशंका जताने को लेकर शुक्रवार को कहा कि केंद्रीय बैंक ने देश के असली मिजाज को जाहिर कर दिया है।
नयी दिल्ली, सात अगस्त कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा जीडीपी विकास दर के नकारात्मक रहने की आशंका जताने को लेकर शुक्रवार को कहा कि केंद्रीय बैंक ने देश के असली मिजाज को जाहिर कर दिया है।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘आरबीआई ने देश के असली मिजाज को जाहिर कर दिया है। लोगों का विश्वास अब तक के सबसे निचले स्तर पर है। भय और असुरक्षा अब तक के सबसे उच्चतम स्तर पर है।’’
कांग्रेस नेता ने दावा किया, ‘‘ अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर और अधिक बुरी खबरों का अंदेशा है।’’
गौरतलब है कि रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने बृहस्पतिवार को आगाह किया कि कोविड-19 महामारी का संक्रमण लम्बे समय तक खिंचा तो उससे घरेलू अर्थव्यवस्था की हालत और खराब हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय बैंक आर्थिक वृद्धि में तेजी लाने के लिये उपलब्ध मौद्रिक गुंजाइश का विवेकपूर्ण तरीके से उपयोग करेगा।
गवर्नर ने द्विमासिक मौद्रिक नीति समीक्षा के दौरान कहा कि हालांकि चालू वित्त वर्ष में आर्थिक वृद्धि नकारात्मक रहेगी लेकिन महामारी पर पहले काबू पा लिया गया तो उसका अर्थव्यस्था पर ‘अनुकूल’ प्रभाव पड़ेगा।
दास की अध्यक्षता वाली छह सदस्यीय मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) ने तीन दिन चली बैठक के बाद नीतिगत दर को यथावत रखने का निर्णय किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)