देश की खबरें | नोएडा में संदिग्ध ‘हिट एंड रन’ मामले में भोजन की आपूर्ति करने वाली कंपनी के प्रतिनिधि की मौत

नोएडा, पांच जनवरी नोएडा में ‘हिट एंड रन’ के एक संदिग्ध मामले में किसी अज्ञात वाहन ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी और उसे लगभग 500 मीटर तक घसीटा जिससे उस पर सवार 24 वर्ष के व्यक्ति की मौत हो गई। उक्त व्यक्ति भोजन की आपूर्ति करने वाली एक कंपनी का प्रतिनिधि था। यह जानकारी पुलिस ने बृहस्पतिवार को दी।

पुलिस ने बताया कि मामले में एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस दावे की अभी तक पुष्टि नहीं की जा सकी है कि उक्त कर्मी को कार से घसीटा गया।

यह घटना ऐसे समय आयी है जब बाहरी दिल्ली के कंझावला में 20 वर्ष की एक युवती की स्कूटी को एक कार ने टक्कर मार दी और युवती को सुल्तानपुरी से कंझावाला तक करीब 12 किलोमीटर घसीटते हुई ले गई। रविवार को हुई इस घटना में युवती की मौत हो गई थी।

लगभग 10 दिन पहले, भोजन की आपूर्ति करने वाली एक कंपनी के एक अन्य प्रतिनिधि (27) की नोएडा के पास आधी रात के करीब एक कार की टक्कर के बाद मृत्यु हो गई।

पुलिस ने कहा कि कौशल यादव स्विगी के साथ काम करता था और एक और दो जनवरी की दरम्यानी रात को ऑर्डर देने जा रहा था, तभी यह घटना फेज एक थाना क्षेत्र के सेक्टर 14 फ्लाईओवर के पास हुई।

पुलिस ने कहा कि दावा है कि उक्त कर्मी को कार द्वारा घसीटा गया लेकिन अब तक की जांच और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद इसकी अभी पुष्टि नहीं की जा सकी है।

यादव के रिश्ते के भाई और मामले में शिकायतकर्ता अमित कुमार ने कहा कि जब उन्हें दुर्घटना की सूचना मिली तो उन्होंने यादव का पता लगाने के लिए उनके नंबर पर रात लगभग एक बजे फोन किया।

कुमार ने ‘‘एक ओला कैब चालक ने मेरे भाई के फोन पर कॉल उठायी और मुझे दुर्घटना के बारे में सूचित किया। उसने कहा कि मेरे भाई को एक वाहन ने टक्कर मार दी और उसे सेक्टर 14ए फ्लाईओवर से शनि मंदिर रोड तक घसीटा।’’

कुमार ने अपनी शिकायत में कहा, ‘‘मैं परिवार के कुछ सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचा और मेरे भाई का शव शनि मंदिर के पास मिला।’’

घटना को लेकर स्विगी या ओला से प्रतिक्रिया के लिए तुरंत संपर्क नहीं किया जा सका।

नोएडा पुलिस ने एक बयान में कहा कि उसे दिल्ली पुलिस नियंत्रण कक्ष द्वारा इस घटना के बारे में सूचित किया गया, जिसके बाद स्थानीय फेज एक पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने कहा कि भारतीय दंड संहिता की धारा 279 और 304ए के तहत एक प्राथमिकी दर्ज करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।

पुलिस ने कहा, ‘‘शिकायतकर्ता को एक ओला कैब चालक से दुर्घटना के बारे में जानकारी मिली। कैब चालक के विवरण के साथ ही यह बात सामने आने के बाद घटना के संबंध में और तथ्य सामने आएंगे कि वह घटना के समय घटनास्थल पर क्या कर रहा था। कैब चालक से संपर्क करने के प्रयास जारी हैं।’’

पुलिस ने कहा, ‘‘मीडिया के माध्यम से यह जानकारी मिली है कि पीड़ित को कुछ दूर तक घसीटा गया था, लेकिन अब तक जो सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया है उससे इस तथ्य की पुष्टि नहीं हो सकी है।’’

पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)