देश की खबरें | राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश, तापमान में गिरावट होने से गर्मी से राहत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान में पिछले 24 घंटे के दौरान कई हिस्सों में बादलों के गरजने के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई। वहीं पाली में बारिश से संबंधित हादसे में भाई बहन की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गये।
जयपुर, 26 जून राजस्थान में पिछले 24 घंटे के दौरान कई हिस्सों में बादलों के गरजने के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई। वहीं पाली में बारिश से संबंधित हादसे में भाई बहन की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गये।
जयपुर मौसम केन्द्र के प्रवक्ता के अनुसार बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बाड़मेर के सेड़वा में सर्वाधिक सात सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
प्रवक्ता ने कहा कि इसके अलावा दौसा के महवा में 6 सेंटीमीटर, भरतपुर के बेर में 4 सेंटीमीटर, जयपुर के शाहपुरा में 4 सेंटीमीटर, बाड़मेर तहसील में 4 सेंटीमीटर और अन्य कई स्थानों पर 3 सेंटीमीटर से 1 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई।
उन्होंने बताया कि बुधवार शाम साढ़े पांच बजे तक धौलपुर में 65 मिलीमीटर, चित्तौड़गढ़ में 27.8 मिलीमीटर, सीकर में 10 मिलीमीटर, फलोदी में 8.8 मिलीमीटर, करौली में 6.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
प्रवक्ता ने कहा कि राजधानी जयपुर, अलवर, नागौर, पाली, सिरोही, भरतपुर, उदयपुर और चूरू में भी हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई।
विभाग के अनुसार बुधवार को बीकानेर में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस, गंगानगर में 42.3 डिग्री सेल्सियस, फतेहपुर में 42 डिग्री, जैसलमेर में 41.7 डिग्री, जोधपुर में 41.2 डिग्री, चूरू में 40.9 डिग्री, पिलानी में 40.8 डिग्री और राज्य के अन्य सभी प्रमुख स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है।
पाली जिले के बाली थाना क्षेत्र में दुकान का छज्जा गिरने से भाई-बहन की मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गये।
बाली के थानाधिकारी परबत सिंह ने बताया कि बारिश के चलते बीजापुर गांव में दुकान का छज्जा गिरने से उसके नीचे बैठे कमलेश (12) और उसकी बहन सानिया (6) की मौत हो गई जबकि उसके माता पिता व अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
उन्होंने बताया कि घायलों को बाली अस्पताल में प्राथमिक इलाज करने के बाद सुमेरपुर भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये हैं, इस संबंध में दंड प्रक्रिया सहिंता (सीआरपीसी) की धारा 174 के मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
विभाग के अनुसार राज्य के पूर्वी हिस्सों में आगामी दिनों में बादलों के गरजने, बारिश की संभावना है, इसके अलावा आगामी 48 घंटों के दौरान उदयपुर, कोटा, जोधपुर संभाग में कहीं कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 26, 2024 08:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

