एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 11 लाख करोड़ के पार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. देश के दिग्गज कारोबारी मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड का बाजार पूंजीकरण शुक्रवार को 11 लाख करोड़ रुपये के पार हो गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज यह ऊंचाई प्राप्त करने वाली पहली भारतीय कंपनी बन गयी है।

जरुरी जानकारी | रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 11 लाख करोड़ के पार

नयी दिल्ली, 19 जून देश के दिग्गज कारोबारी मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड का बाजार पूंजीकरण शुक्रवार को 11 लाख करोड़ रुपये के पार हो गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज यह ऊंचाई प्राप्त करने वाली पहली भारतीय कंपनी बन गयी है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कच्चा तेल से लेकर दूरसंचार तक विस्तृत क्षेत्रों में कारोबार करने वाली अपनी कंपनी के शुद्ध रूप से ऋण-मुक्त होने की घोषणा की। इस घोषणा के बाद कंपनी के बाजार पूंजीकरण में 65 हजार करोड़ रुपये से अधिक की वृद्धि दर्ज की गयी।

यह भी पढ़े | जम्मू कश्मीर: शोपियां एनकाउंटर में सुरक्षाबलों ने अब तक 5 आतंकियों को किया ढेर, ऑपरेशन जारी.

बीएसई में कंपनी का बाजार पूंजीकरण शुक्रवार को 65,477.03 करोड़ रुपये बढ़कर 11,15,418.03 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। बीएसई पर कंपनी का शेयर भी 6.23 प्रतिशत बढ़कर 1,759.50 रुपये पर बंद हुआ।

कारोबार के दौरान, यह एक समय 7.99 प्रतिशत चढ़कर 1,788.60 रुपये के सर्वकालिक उच्च स्तर को छू गया। एनएसई पर भी यह 6.47 प्रतिशत बढ़कर 1,763.20 रुपये पर बंद हुआ।

यह भी पढ़े | चीन पर राम माधव बोले-सीमा पर सतर्कता और शक्ति से पहरा देना हमारी पहली प्राथमिकता.

रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के उपाध्यक्ष (शोध) अजीत मिश्रा ने कहा, "कंपनी के शेयर में तेजी लगातार हावी रही और इसने सूचकांक ‘सेंसेक्स’ को डेढ़ फीसदी की बढ़त हासिल करने में मदद की।’’

शुक्रवार को बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 523.68 अंक यानी 1.53 प्रतिशत बढ़कर 34,731.73 अंक पर पहुंच गया।

इस साल अब तक कंपनी के शेयरों में 16.20 फीसदी की तेजी आयी है।

इससे पहले दिन में, अंबानी ने दो महीने के भीतर वैश्विक निवेशकों और राइट इश्यू से रिकॉर्ड 1.69 लाख करोड़ रुपये प्राप्त होने के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज के शुद्ध रूप से ऋण-मुक्त हो जाने की घोषणा की।

रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अपनी डिजिटल इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स की 25 प्रतिशत से कम हिस्सेदारी बेचकर वैश्विक प्रौद्योगिकी निवेशकों से 1.15 लाख करोड़ रुपये जुटाये हैं। इसके अलावा कंपनी ने पिछले 58 दिनों में राइट्स इश्यू के माध्यम से 53,124.20 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि भी जुटायी है।

इससे पहले पिछले साल ब्रिटेन की बीपी पीएलसी को खुदरा ईंधन कारोबार में 49 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचकर रिलायंस इंडस्ट्रीज ने सात हजार करोड़ रुपये जुटाये थे।

इस तरह कंपनी अब तक कुल मिलाकर 1.75 लाख करोड़ रुपये से अधिक जुटा चुकी है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज पर 31 मार्च 2020 तक 1,61,035 करोड़ रुपये का शुद्ध कर्ज था।

कंपनी ने एक बयान में कहा, "इन निवेशों के साथ आरआईएल शुद्ध रूप से ऋण-मुक्त हो गयी है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 19, 2020 10:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).