जरुरी जानकारी | रिलायंस कैपिटल की दूसरी नीलामी अब 26 अप्रैल को होगी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. कर्ज में डूबी कंपनी रिलायंस कैपिटल की नीलामी का दूसरा दौर अब 26 अप्रैल को आयोजित होगा। ऋणदाताओं की समिति (सीओसी) ने मंगलवार को यह फैसला किया।

नयी दिल्ली, 11 अप्रैल कर्ज में डूबी कंपनी रिलायंस कैपिटल की नीलामी का दूसरा दौर अब 26 अप्रैल को आयोजित होगा। ऋणदाताओं की समिति (सीओसी) ने मंगलवार को यह फैसला किया।

सूत्रों ने बताया कि रिलायंस कैपिटल के कर्जदाताओं ने नीलामी के दूसरे चरण की नई तारीख तय कर दी है। पहले यह नीलामी 11 अप्रैल को ही होने वाली थी लेकिन एक दिन पहले ही इसे टाले जाने की जानकारी सामने आई थी।

सूत्रों के मुताबिक, नई नीलामी में हिंदुजा समूह की कंपनी आईआईएचएल और टॉरेंट इन्वेस्टमेंट के अलावा सिंगापुर स्थित ओकट्री के बोली लगाने की संभावना है। इन कंपनियों ने अपनी भागीदारी की पुष्टि कर दी है।

इसके पहले कर्ज समाधान प्रक्रिया के तहत रिलायंस कैपिटल की बिक्री के लिए दिसंबर में ऑनलाइन नीलामी हुई थी जिसमें टॉरेंट इन्वेस्टमेंट ने सबसे ऊंची बोली लगाई थी। वहीं दूसरे स्थान पर रही आईआईएचएल ने नीलामी के बाद संशोधित बोली लगा दी जिसे उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी गई है।

भारतीय रिजर्व बैंक ने 29 नवंबर, 2021 को रिलायंस कैपिटल के निदेशक मंडल को भंग करने के साथ नागेश्वर राव वाई को प्रशासक नियुक्त कर दिया था।

इस बीच, कंपनी के प्रशासक ने कर्ज समाधान प्रक्रिया को पूरा करने की समयसीमा 30 मई तक बढ़ाने का अनुरोध राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) से किया है। पहले भी यह समयसीमा कई बार बढ़ाई जा चुकी है।

प्रेम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now