COVID-19 Update: भारत में बीते 24 घंटे में कोरोना के 22,842 नए मामले सामने आये
भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के 22,842 नए मामले सामने आने से संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 3,38,13,903 पर पहुंच गयी जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 2,70,557 रह गयी है जो 199 दिनों में सबसे कम है.
नयी दिल्ली, 3 अक्टूबर : भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के 22,842 नए मामले सामने आने से संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 3,38,13,903 पर पहुंच गयी जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 2,70,557 रह गयी है जो 199 दिनों में सबसे कम है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के रविवार सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, 244 मरीजों के और जान गंवाने से मृतकों की संख्या 4,48,817 पर पहुंच गयी है. आंकड़ों के मुताबिक, उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.80 प्रतिशत है जो मार्च 2020 के बाद से सबसे कम है जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 97.87 प्रतिशत है जो मार्च 2020 के बाद से सबसे अधिक है. पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 3,332 की कमी दर्ज की गयी है. मंत्रालय ने बताया कि शनिवार को कोविड-19 के लिए 14,29,258 नमूनों की जांच की गयी और इसी के साथ अब तक जांचें गए नमूनों की संख्या 57,19,94,990 पर पहुंच गयी है. दैनिक संक्रमण दर 1.80 प्रतिशत है.
यह पिछले 34 दिनों से तीन प्रतिशत से कम बनी हुई है. साप्ताहिक संक्रमण दर 1.66 प्रतिशत दर्ज की गयी जो पिछले 100 दिनों से तीन प्रतिशत से कम है. उसने बताया कि इस बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 3,30,94,529 हो गयी है जबकि मृत्यु दर 1.33 प्रतिशत दर्ज की गयी. देशव्यापी कोविड-19 टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीके की 90.15 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी है. देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी. वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे. देश में 19 दिसंबर को ये मामले एक करोड़ के पार, इस साल चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे. यह भी पढ़ें : COVID-19: मुंबई में बीते 24 घंटे में कोरोना के 405 नए केस, 6 मरीजों की मौत
आंकड़ों के अनुसार, देश में जिन 244 और लोगों ने जान गंवाई है उनमें से 121 की मौत केरल में और 49 मरीजों की मौत महाराष्ट्र में हुई. इस महामारी से अब तक 4,48,817 लोगों की मौत हो चुकी है. सबसे अधिक 1,39,166 मरीजों की मौत महाराष्ट्र में, 37,811 की कर्नाटक, 35,627 की तमिलनाडु, 25,303 की केरल, 25,088 की दिल्ली, 22,894 की उत्तर प्रदेश और 18,815 मरीजों की मौत पश्चिम बंगाल में हुई. स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं. मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 03, 2021 11:26 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

