एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | रिकार्डः दिल्ली में मई में सर्वाधिक बारिश, महीने में एक भी दिन 'हीटवेव' नहीं

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में मई माह में बारिश के पिछले सारे रिकार्ड तोड़ते हुए इस बार सर्वाधिक 188.9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

देश की खबरें | रिकार्डः दिल्ली में मई में सर्वाधिक बारिश, महीने में एक भी दिन 'हीटवेव' नहीं

नयी दिल्ली, 30 मई दिल्ली में मई माह में बारिश के पिछले सारे रिकार्ड तोड़ते हुए इस बार सर्वाधिक 188.9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

आमतौर पर गर्मी के चरम वाला माह माने जाने वाले मई में दिल्ली में इस वर्ष भीषण गर्मी (हीटवेव) वाला एक भी दिन दर्ज नहीं किया गया, जबकि पिछली बार शहर में मई में छह दिन भीषण गर्मी पड़ी थी।

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में एक मई से 30 मई तक 188.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो अब तक का सबसे अधिक वर्षा वाला मई महीना रहा।

पिछला रिकार्ड मई 2008 का है जब 165 मिमी वर्षा हुई थी।

इस महीने में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में कई बार आंधी-तूफान और तेज़ हवाएं चलीं, जिनमें एक भीषण तूफान भी शामिल है।

मई में तूफान-संबंधी विभिन्न घटनाओं में इमारतों के ढ़हने, बिजली का करंट लगने और पेड़ गिरने के कारण कम से कम 10 लोगों की मृत्यु की खबर है।

आधिकारिक आंकड़े के अनुसार दिल्ली में दो, 17, 21, और 25 मई को वर्षा हुई।

वैसे मई माह में सामान्य मासिक वर्षा 62.6 मिमी होती है, परन्तु इस वर्ष कुल वर्षा सामान्य से 202 प्रतिशत अधिक है।

इसके विपरीत, मई 2024 में केवल 0.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो मासिक औसत से 99 प्रतिशत कम थी। इस दौरान कोई भी बारिश वाला दिन दर्ज नहीं किया गया।

सफदरजंग स्थित शहर के प्राथमिक मौसम केंद्र ने इस महीने चार दिन बारिश दर्ज की। अन्य मौसम केंद्रों पर भी काफी वर्षा दर्ज की गई - पालम और रिज में सात-सात दिन, आयानगर में तीन और लोधी रोड में चार दिन वर्षा दर्ज की गई।

इस बीच, दिल्ली में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 5.6 डिग्री कम है।

न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस औसत से 1.3 डिग्री कम है।

सापेक्षिक आर्द्रता 69 और 52 प्रतिशत के बीच रही।

पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार रात और शनिवार को आंधी के साथ बारिश हो सकती है। आज रात के लिए राजधानी में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।

आईएमडी के अनुसार, 'ऑरेंज अलर्ट' यह संकेत देता है कि निवासियों को सतर्क रहना चाहिए और संभावित रूप से मौसम के बदलते मिजाज लिए तैयार रहना चाहिए।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 167 दर्ज किया गया जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।

सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 30, 2025 10:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).