अहमदाबाद, सात जून चक्रवाती तूफान ‘बिपोरजॉय’ तीव्र चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है और गुजरात के तटीय जिले पोरबंदर से दक्षिण-पश्चिम में करीब 1,060 किलोमीटर दूर है, ऐसे में राज्य सरकार ने बुधवार को कहा कि वह किसी भी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में निपटने को पूरी तरह तैयार है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों ने यहां कहा कि अरब सागर में इस साल आए पहले तूफान बिपोरजॉय के कारण आने वाले दिनों में तटीय जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।
गुजरात में मछुआरों को 14 जून तक अरब सागर में नहीं जाने की चेतावनी दी गयी है।
आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि तूफान के कारण नौ से 11 जून के बीच सौराष्ट्र तथा दक्षिण गुजरात क्षेत्रों में हल्की बारिश होने के आसार हैं।
राहत आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि राज्य प्रशासन मानसून में किसी भी आपदा की आशंका के मद्देनजर उससे निपटने के लिए तैयार है।
अनेक विभागों और सुरक्षा बलों की पहली समीक्षा बैठक के बाद पांडेय ने कहा कि उत्तर गुजरात तथा कच्छ क्षेत्रों में जलाशयों में पानी की मात्रा पिछले 15 साल में सर्वाधिक है।
आईएमडी, अहमदाबाद की निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा कि बिपोरजॉय पोरबंदर जिले से दक्षिण-पश्चिम में करीब 1,060 किलोमीटर दूर स्थित है।
उन्होंने कहा कि तूफान के कारण तटीय जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY